*✍️देश के इस राज्य में 5 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद और धारा144 लागू…..सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम….*

चंडीगढ़.किसानों पर 28 अगस्त को हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ करनाल में मंगलवार को किसान महापंचायत और मिनी सचिवालय का घेराव के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस द्वारा सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का प्राथमिक उद्देश्य प्रदेश सहित विशेष रूप से करनाल में शांति व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी तरह की हिंसा को रोकना, यातायात व सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुचारू संचालन तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. इसके साथ ही करनाल में धारा 144 लगा दी गई है हरियाणा सरकार ने पास के 5 जिलों में भी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सोमवार दोपहर 12:30 बजे से लेकर मंगलवार मध्य रात्रि तक बंद रखने का आदेश दिया है। कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और पानीपत जिलों में मंगलवार को दिन में 12 बजे से रात 11:59 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
आदेश में कहा गया है कि व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर जैसे सोशल मीडिया मंचों के जरिए गलत सूचना और अफवाहों के प्रसार पर काबू के लिए करनाल में मोबाइल इंटरनेट सेवा, एसएमएस सेवा को निलंबित करने का आदेश दिया गया है। इसमें कहा गया है कि हरियाणा के सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को आदेश का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाता है। बाद में एक और आदेश जारी कर कहा गया कि पास के चार जिलों में भी मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
आईजीपी करनाल रेंज और सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (करनाल रेंज) को करनाल और आसपास के जिलों में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक निवारक और एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिये गए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
डीजीपी कर चुके हैं तैयारियों की समीक्षा
विर्क ने बताया कि डीजीपी हरियाणा पीके अग्रवाल स्वयं भी 4 सितंबर को करनाल रेंज की पुलिस महानिरीक्षक तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर किसानों के प्रस्तावित विरोध के मद्देनजर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं. किसानों द्वारा घेराव के आह्वान पर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि सभी प्रबंध करने के अलावा कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए नागरिक प्रशासन के साथ भी लगातार तालमेल बनाए रखा जा रहा है.



