*✍️पत्थलगांव की घटना को षड्यंत्र बताना भाजपा की संवेदनहीनता.....* – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

*✍️पत्थलगांव की घटना को षड्यंत्र बताना भाजपा की संवेदनहीनता…..*

RGHNEWS प्रशान्त तिवारी: रायगढ़ — बीते सप्ताह विजयादशमी जुलूस के दौरान अनियंत्रित चार पहिया वाहन से घटित दुखद सड़क हादसे पर क्षेत्रीय लोकसभा सांसद के विवादित बयान पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है।जिला कांग्रेस की ओर से पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता हरेराम तिवारी ने इसे भाजपा सरकार की संवेदनहीनता बताते हुये ऐसे गंभीर हादसे पर राजनीति न करने का मशवरा दिया है।

लोकसभा सांसद के बयान को अवसरवादी व सियासी दुर्भावना से प्रेरित बताते हुये कांग्रेस प्रवक्ता हरेराम तिवारी ने कहा कि पत्थलगांव की सड़क दुर्घटना अतिदुखदायी है तथा सरकार समेत तमाम जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों की मार्मिक संवेदना इस घटना के पीड़ितों के साथ निरंतर जुड़ी हुई है। तिवारी ने कहा कि घटना के तत्काल बाद से ही प्रदेश के मुखिया समेत स्वास्थ्य मंत्री व अन्य मंत्री तथा विधायकगण समेत पूरा प्रशासनिक तंत्र घायलों के बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने व पीडितों के परिजनों के सम्पर्क मे है। दुर्घटना मे जान गंवाने वाले मृतक के परिजनों को तत्काल राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है। साथ ही सड़क दुर्घटना के आरोपी वाहन चालकों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। इन सबके बीच प्रथमदृष्टया कर्तव्य मे लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही करते हुये ऐसे संवेदनशील माहौल मे राज्य सरकार जनाक्रोश को शांत करने की महती जवाबदारी का कुशलता से निर्वहन कर रही है किंतु सरकार को घेरने की फिराक मे अपनी गिद्धदृष्टि डटाये मुद्दाहीन विपक्ष को इस संवेदना की घड़ी मे भी सियासी रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता हरेराम तिवारी ने सांसद के बयान पर एतराज जताते हुये कहा कि केन्द्रीय जनप्रतिनिधि एक आकस्मिक घटना को सरकार का प्रायोजित षड्यंत्र बताकर सुर्खियां बटोरने की बेकार कोशिश कर रही है। तिवारी ने कहा कि आंख फोड़ने और गर्भाशय निकालने से लेकर दरभा घाटी नरसंहार जैसे सुनियोजित षड्यंत्र भाजपा शासन काल मे होते रहे हैं।सांसद को आईना दिखाते हुये कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि दो दशकों से जशपुर के राजनेता केन्द्र मे लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं किंतु उनके अपने गृहक्षेत्र मे एक व्यवस्थित मेडिकल सुविधा तक उपलब्ध न होना दुर्भाग्यजनक है।तिवारी ने सांसद के पैसे लेकर ट्रांसफर करने संबंधी आरोप के जवाब मे कहा कि सांसद को इतनी जल्दी कैसे भूल गया कि बीजेपी सरकार मे अमन सिंह और मुकेश गुप्ता जैसे अधिकारी किसकी सह पर पूरी ब्यूरोक्रेसी पर हावी हो गये थे। जेल ब्रेक और ट्रेन हाईजैक जैसी घटनायें किस सुशासन काल की उपलब्धियों मे शामिल हैं ? तिवारी कहा कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों और जन अपेक्षाओं का पूरी शिद्दत और पारदर्शिता से निर्वहन कर रही है इसके बावजूद केवल सियासी लाभ की संभावना तलाशने के उद्देश्य से एक सुनियोजित पटकथा तैयार कर संवेदनहीनता का अभिनय करते हुये सरकार पर दोषारोपण करना केन्द्रीय जनप्रतिनिधि जैसे अति जिम्मेदार नेता को ऐसी परिस्थिति मे कहीं से उचित नहीं कहा जा सकता। हरेराम तिवारी ने कहा कि जिले मे विपक्ष की तमाम सियासी विफलताओं का एकमात्र मजबूत विकल्प व सबसे प्रभावी चेहरे लोकसभा सांसद को संवेदनशील मौकों पर सियासी सुझाव दरकिनार कर स्वविवेक से निर्णय लेते हुये सरकार और जनता के बीच सार्थक सेतु की भूमिका निभाना चाहिए जो किसी विरोध प्रदर्शन से अधिक कारगर साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button