Raigarh News : नीट यूजी परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी 8 परीक्षा केंद्रों में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल, व्यवस्थाओं की परखी गई तैयारियां – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : नीट यूजी परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी 8 परीक्षा केंद्रों में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल, व्यवस्थाओं की परखी गई तैयारियां

जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24 घंटे रहेगा सक्रिय, सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम

Raigarh News :  रायगढ़, 20 जून 2026/ राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा से एक दिन पूर्व शनिवार को जिले के सभी 8 परीक्षा केंद्रों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित कर परीक्षा संचालन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था का परीक्षण किया गया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी तथा डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में जैमर, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर बैकअप, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस प्रक्रिया में परीक्षा संचालन की संपूर्ण व्यवस्था को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परखा गया तथा संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए गए।

Read More : Maharashtra Hanuman Temple: बड़ा हादसा, हनुमान मंदिर में छत गिरने से 20 से 25 लोग दबे होने की आशंका

जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा में 2682 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) श्रेणी के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6.20 बजे तक संचालित होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर और सुरक्षित पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। रायगढ़ रेलवे स्टेशन, ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड तथा केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से निःशुल्क बसें संचालित की जाएंगी। यह सुविधा अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों के लिए भी उपलब्ध रहेगी। परिवहन व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु वाहन प्रभारियों एवं चालकों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। जैमर की व्यवस्था के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Read More :  Chhattisgarh latest news: राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर, अंगूठा लगाने के बाद ही मिलेगा राशन, ई-केवाईसी अनिवार्य!

परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों की सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-42 में संचालित इस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07762-223750 पर परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है तथा आवश्यक शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। नियंत्रण कक्ष की सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने, परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button