*✍️कांग्रेस नेता और पत्नी की मर्डर मिस्ट्री उलझी,1 करोड़ से ज्यादा के जेवर-नकदी कमरे में ही मिले, तो आखिर किसकी तरफ कर रही है इशारा पढ़े पूरी खबर...!!!* – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

*✍️कांग्रेस नेता और पत्नी की मर्डर मिस्ट्री उलझी,1 करोड़ से ज्यादा के जेवर-नकदी कमरे में ही मिले, तो आखिर किसकी तरफ कर रही है इशारा पढ़े पूरी खबर…!!!*

RGHNEWS PRASHANT TIWARI रायगढ़ जिले के लैलूंगा में बुधवार देर रात हुए डबल मर्डर की मिस्ट्री समय बढ़ने के साथ-साथ उलझती जा रही है। कांग्रेस नेता और इलाके के प्रभावी व्यापारी मदन मित्तल और उनकी पत्नी अंजू देवी की लाश गुरुवार सुबह उनके कमरे में मिली थी। दोनों का चेहरा तकिए से दबाकर उनकी जान ली गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की है, लेकिन कोई ठोस सबूत अभी तक हाथ नहीं लगा है। उधर, गुरुवार शाम को ही हुई दोनों की अंत्येष्टि में आसपास के जिलों से सैकड़ों लोग एकत्र हो गए।

लैलूंगा के सबसे बड़े परिवार के मदन मित्तल और उनकी पत्नी अंजू देवी का शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए लैलूंगा सहित जशपुर, रायगढ़ जिले से सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे। शहर में तो सुबह खबर मिलते ही बाजार, संस्थान बंद हो गए थे। मदन अग्रवाल समाज के प्रमुख थे। लिहाजा राजधानी रायपुर तक से समाज के लोग लैलूंगा पहुंचे। सभी की पुलिस और प्रशासन से एक ही मांग है कि हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

हत्या का मोटिव तलाशने में जुटी पुलिस
दरअसल इस डबल मर्डर की पूरी जांच हत्या के कारण पर टिकी हुई है। कारण जैसे ही स्पष्ट होगा, आधी उलझन सुलझ जाएगी। अभी जो कारण समझ में आ रहे हैं वह लूट और आपसी रंजिश दोनों है लेकिन दोनों में कई पेंच हैं। परिवार की बहू और दूसरे सदस्य कह रहे हैं कि मदन मित्तल के कमरे से सोने के गहनों के 3-4 सेट, बड़ी मात्रा में नकद गायब है। यदि यह सच है तो फिर हत्या का कारण लूट ही होगा लेकिन पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल लूट की पुष्टि नहीं कर रहा है।

पुलिस के मुताबिक जिस तिजोरी से गहने और नकदी गायब बताए जा रहे हैं वहां गहनों के कई सेट, चूड़ियां, सोने-चांदी के दूसरे आभूषण और बड़ी मात्रा में नकद रकम मौजूद है। एक अनुमान के तहत इनकी कीमत 1 करोड़ से भी ज्यादा है। ऐसे में यह सवाल है कि लुटेरे पहुंच में होने के बावजूद इतना कुछ छोड़कर कैसे जाएंगे।

मदन मित्तल के गले में थी सोने की चैन
यदि लूट की नीयत से यह घटना की गई है तो मृतक मदन मित्तल के गले की सोने की चैन भी लुटेरों को ले जानी थी। क्योंकि उस पर नजर पड़ना स्वाभाविक है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। सुबह जब शव मिला तो चैन उनके गले में थी।

ड्राइवर को डांटा था
हत्या का कारण किसी की नाराजगी और रंजिश है ऐसा पुलिस मान रही है। इसीलिए एक ड्राइवर को सुबह से हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि इस ड्राइवर से मदन मित्तल नाराज थे। नाराजगी का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन दो दिन पहले उन्होंने इसे जमकर डांटा था। अपने बेटे से भी कहा था कि इसे घर में नहीं आने देना है। इसी तरह पुलिस उनके पुराने स्टाफ और परिचितों की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button