*✍️सलमान खान,अक्षय कुमार,अजय देवगन,अनुपम खेर,सहित 38 फिल्मी सितारों पर केस दर्ज…जानिए किसने किया केस दर्ज और क्यों….*

मुंबई. बॉलीवुड के कई बड़े सितारे फिल्मों के अलावा भी कई दूसरी चीजों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सलमान खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन सहित 38 फिल्मी सितारों पर केस दर्ज हो गया है. इन सितारों में दक्षिण भारतीय के फिल्मी कलाकार भी शामिल हैं. ये केस दिल्ली के एक वकील ने दर्ज कराया है. मामला दरअसल साल 2019 से जुड़ा हुआ है.
बता दें कि आज से दो साल पहले हैदराबाद में एक जघन्य रेप केस हुआ था. इस रेप केस में 4 लोगों ने एक सड़क पर स्कूटी से जा रही लड़की को अगवा कर, गैंगरेप किया था. इसके बाद उस पीड़ित लड़की को जिंदा जला दिया गया था. इस खबर के सामने आने के बाद से पूरे देश में हंगामा खड़ा हो गया था. लोगों ने सोशल मीडिया में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई थी. सोशल मीडिया में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कैंपेन भी चलाया गया था.
जिसके बाद इस मामले पर कई फिल्मी हस्तियों ने भी इस रेप केस को लेकर सोशल मीडिया में अपनी राय रखी थी. इन कलाकारों में बॉलीवुड के साथ कई बड़े दक्षिण भारतीय फिल्मों से जुड़े कलाकार भी शामिल थे. अपने विचार लोगों के सामने रखते हुए इन सितारों ने एक गलती कर दी थी. उन्होंने नाराजगी और दुख जताते हुए पीड़िता की पहचान को उजागर कर दिया था.
वहीं, भारतीय कानून के मुताबिक रेप केस पीड़िता की पहचान को उजागर करना एक जुर्म है. ऐसा करने पर नियम सम्मत सजा का प्रावधान है. इसी को लेकर दिल्ली के एक वकील गौरव गुलाटी ने बॉलीवुड समेत दक्षिण भारत के कुल 38 फिल्मी सितारों के खिलाफ केस दर्ज कराया है.
इस मामले में जिन बड़े सितारों पर केस दर्ज हुआ है, उनमें अजय देवगन, अक्षय कुमार, सलमान खान, अनुपम खेर, रकुलप्रीत सिंह और फरहान अख्तर जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन सितारों के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों के कलाकारों को मिला कर कुल 38 फिल्मी सितारों पर भी केस दर्ज हुआ है.
गौरव गुलाटी ने इस मामले में कहा है कि ये सितारे आम लोगों के लिए एक मिसाल होते हैं. लेकिन ये सितारे खुद पीड़िता की पहचान उजागर कर रहे हैं. गौरव ने याचिका दाखिल करते हुए इन सितारों को गिरफ्तार करने की मांग की है.



