छुटपुट कार्रवाई की खानापूर्ति कर रहा RTO विभाग,ओवरलोड गाडिय़ों ने सड़क का कर दिया कबाड़ा

एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर एमपीसीसी से सांठगांठ कर, कर रहे बड़ा खेल, छुटपुट कार्रवाई की खानापूर्ति कर रहा आरटीओ विभाग
RGHNEWप्रशांत तिवारी बरौद कोल माइंस में सब एरिया मैनेजर के इशारे पर करोड़ों रुपए के वारे न्यारे होने की बात सामने आ रही हैं। यह कहानी तो हम आपको अपने आगे के अंकों में बताएंगे लेकिन अभी हम बात करेंगे सिर्फ और सिर्फ ओवरलोडिंग की…। इस ओवरलोडिंग के लंबे खेल में कोल माइंस के अधिकारियों और एमपीसीसी कंपनी के फर्जीवाड़े में आरटीओ विभाग के अधिकारी महज औपचारिक खानापूर्ति करते हुए नजर आ रहे हैं।
ओवरलोड गाडिय़ों ने सड़क का कर दिया कबाड़ा
एसईसीएल कोल माइंस से ओवरलोड होकर निकलने वाली गाडिय़ां न केवल एमपी सी सी कंपनी के हैं बल्कि लोकल ट्रांसपोर्ट की भी सैकड़ों गाडिय़ां ओवरलोड होकर दौड़ रही हैं क्षमता से ज्यादा लोडिंग होने के कारण सड़क पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है जिसकी वजह से सड़क की यह हालत है। घरघोड़ा क्षेत्र में महज 4 दिन के भीतर ही दो लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो चुकी है। इसमें से एक घटना में ट्रक को ही लोगों ने आग के हवाले कर दिया था। इतना सब कुछ होने के बावजूद ओवरलोड गाडिय़ों पर आरटीओ के अधिकारी लगाम कसने में नाकामयाब हो रहे हैं। ऐसे में विभाग की ओर से कड़ी कार्यवाही यदि की जाती तो इस सड़क की ऐसी हालत नहीं होती।
पकड़ी गई 5 ओवरलोड गाडिय़ां
जो जानकारी निकल कर सामने आ रही है उसके मुताबिक घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बरोद कोल माइंस से ओवरलोड कोयला लेकर निकल रही एमपी सी सी कंपनी की पांच गाडिय़ों को रोक कर आरटीओ विभाग के अधिकारियों ने ओवरलोडिंग की कार्रवाई की है। इन पांच गाडिय़ों को घरघोड़ा थाने भेज दिया गया है। यद्यपि इन गाडिय़ों में ओवरलोड कितना कोयला भरा हुआ है इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। घरघोड़ा के थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई आरटीओ विभाग की ओर से की गई है।
एसईसीएल के अधिकारी स्वयं ऑन रिकॉर्ड करवा रहे ओवरलोड ट्रांसपोर्टिंग
इस पूरे मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि आरटीओ की ओर से केवल ट्रक चालकों पर और महज 5 ट्रकों पर यह कार्रवाई की गई, जबकि एमपी सी सी की गाडिय़ों में 30 टन कोयला ऑन पेपर भेजने की बात सामने आ रही है। ऐसे में यदि कानून को तोडऩे वाले एसईसीएल के अधिकारी है तो उन पर भी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
क्या कहते हैं सुशील नायक – एसडीओपी धर्मजयगढ़
कार्रवाई पुलिस की ओर से नहीं बल्कि आरटीओ विभाग की ओर से की गई है। उनकी ओर से प्रतिवेदन मिलने पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह – थाना प्रभारी घरघोड़ा
आरटीओ विभाग की ओर से 5 कोयला लोड वाहनों को थाना परिसर में लाया गया है। इस संबंध में आरटीओ विभाग की ओर से अब तक कोई अतिरिक्तजानकारी नहीं दी गई है। इनमें कितना कोयला ओवरलोड है इस बात को विभागीय अधिकारी ही बता पाएंगे।



