T S सिंहदेव ने कहा- चुनाव जीत जाता तो आखिरी होता, लेकिन हारकर मैदान नहीं छोड़ूंगा,CM पद के लिए भी बोले….!!!

छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM रह चुके टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री पद के लिए डॉ. रमन सिंह और रेणुका सिंह को अपनी पसंद बताया है। उन्होंने कहा कि, एक नागरिक के रूप में अगर मुझसे कोई पसंद पूछे तो इन दोनों का नाम लूंगा। वहीं उन्होंने कहा कि, मैं हारकर मैदान नहीं छोड़ूंगा।
दरअसल, सिंहदेव पंसद के CM को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय बता रहे थे। अंबिकापुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, रेणुका हमारे बीच की हैं, सरगुजा लोकसभा की हैं, काफी अनुभवी भी हैं। उन्हें भी मौका मिलेगा तो व्यक्तिगत रूप से खुशी होगी
रमन सिंह का पक्ष मजबूत है
सिंहदेव ने कहा कि, ट्रायबल से विष्णु देव साय व रेणुका सिंह का नाम सुनने में आ रहा है। जो नाम चल रहे हैं, उनमें रमन सिंह को लेकर यह चर्चा थी कि टिकट बंटवारे में उनकी राय चली। ऐसे में जीतकर आए हैं, तो उनका पक्ष मजबूत है।अरुण साव भी जीतकर आए हैं और RSS कैडर के माने जाते हैं। वे भी दावेदार हैं।
महज 94 वोटों से हारे चुनाव
टीएस सिंहदेव ने कहा कि, चुनाव पूर्व मैंने कहा था कि, यह मेरा अंतिम चुनाव होगा। ये बात तब के लिए थी, जब चुनाव जीत जाता और अगली पीढ़ी को सौंप देता। उन्होंने जीत के लिए भाजपा को बधाई दी। कहा कि जनमत का संपूर्ण आदर करते हुए उसे स्वीकार करते हैं। विधानसभा चुनाव में महज 94 मतों से सिंहदेव हारे हैं। उन्होंने फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी करने की बात कही है।
‘पांच साल फिर प्रयास करूंगा’
सिंहदेव ने कहा कि हारा हूं तो पांच साल पूरा प्रयास करूंगा। क्षेत्र में लोगों के लिए जो भी पहल कर सकता हूं, करता रहूंगा। मुझमें कहीं कोई कमी रह गई होगी, जिस कारण लोगों ने मुझे इस चुनाव में नहीं अपनाया। आने वाले समय में उन कमियों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करता रहूंगा।



