सरकार ने डीजल सहित इन ईंधनों पर घटाया Tax

Windfall Tax:वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के साथ ही सरकार ने भी तेल कंपनियों को बड़ी राहत दी है। कच्चा तेल कई दिनों से 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। इस बीच सरकार ने आज घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स में कटौती कर दी है। इसके अलावा डीजल और एविएशन फ्यूल के निर्यात पर लगाए जाने वाले विंडफॉल टैक्स यानि अप्रत्याशित लाभ कर में कटौती की है। बता दें कि सरकार ने इस साल निर्यात को हतोत्साहित करने के लिए जुलाई से विंडफॉल टैक्स की व्यवस्था लागू की थी। सरकार हर 15 दिनों में इसकी समीक्षा भी करती है।
नवंबर से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 14 प्रतिशत की गिरावट आई है जिसके बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। सरकार की ओर से 15 दिसंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) जैसी कंपनियों द्वारा उत्पादित कच्चे तेल पर अप्रत्याशित लाभ कर को 4,900 रुपये प्रति टन से घटाकर 1,700 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। कच्चे तेल को परिष्कृत कर पेट्रोल, डीजल और एटीएफ जैसे ईंधन में बदला जाता है। सरकार ने डीजल के निर्यात पर भी कर आठ रुपये से घटाकर पांच रुपये प्रति लीटर कर दिया है। इसी तरह एटीएफ के निर्यात पर इसे पांच रुपये से घटाकर 1.5 रुपये प्रति लीटर किया गया है। कर की नई दरें 16 दिसंबर से प्रभावी हैं।
Read more:Raigarh News: जूटमिल पुलिस की अवैध शराब रेड कार्रवाई में 10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
क्या है ये विंडफॉल टैक्स
Windfall Tax:भारत ने पहली बार एक जुलाई को अप्रत्याशित लाभ कर लगाया था। इसके साथ ही यह उन कुछ देशों में शामिल हो गया था जो ऊर्जा कंपनियों के अत्यधिक लाभ पर कर वसूलते हैं। उस समय पेट्रोल और एटीएफ पर छह रुपये प्रति लीटर (12 डॉलर प्रति बैरल) और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर (26 डॉलर प्रति बैरल) का निर्यात शुल्क लगाया गया था। घरेलू कच्चे तेल के उत्पादन पर 23,250 रुपये प्रति टन (40 डॉलर प्रति बैरल) का अप्रत्याशित लाभ कर लगाया गया था। पेट्रोल पर निर्यात कर को समाप्त कर दिया गया है।



