Raigarh News: दो स्कूली छात्र एक साथ गायब, पतासाजी में जुटी पुलिस

Raigarh News रायगढ़, 14 दिसंबर। खरसिया के सिग्नल चौक में रहने वाले दो मासूम छात्रों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला प्रकाश में आया है। चूंकि, दोनों बालकों को रेलवे प्लेटफार्म में एक साथ देखा गया था, इसलिए आसपास के थाने-चौकियों को इसकी सूचना देते हुए पुलिस उनकी सरगर्मी से खोजबीन कर रही है।
इस संबंध में खरसिया चौकी प्रभारी अमिताभ खांडेकर ने बताया कि सिग्नल चौक में रहते हुए सब्जी-भाजी की दुकान लगाने वाले खान और यादव परिवार के 9 तथा 11 बरस के दोनों बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ने के कारण साथ रहते हैं। विगत मंगलवार सुबह दोनों बालक अपने-अपने घर से ऐसे निकले कि दिन ढलने के बाद भी वापस नहीं गए। ऐसे में फिक्रमंद खान और यादव परिवार ने शाम से देर रात और बुधवार सुबह से उनकी तलाश में निकले, मगर उनका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए चौकी में जाकर आपबीती बताई।
Read more:Raigarh News: लॉक डाऊन में भगाकर नाबालिग छात्रा की आबरू से खेला, युवक को 10 साल की कड़ी कैद
Raigarh News: एक संग दो बालकों की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस जब पतासाजी करते हुए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन गई तो खुलासा हुआ कि दोनों छात्रों को प्लेटफार्म में घूमते देखा गया था। फिर क्या, इस सूचना के आधार पर हरकत में आई पुलिस ने आसपास रेलवे स्टेशनों और रायगढ़ से लेकर बिलासपुर-रायपुर तक इसकी खबर देते हुए लापता बालकों का फोटो भी शेयर किया, ताकि उन तक पहुंचा जा सके। बच्चों के परिजनों की मानें तो दोनों अच्छे दोस्त होने के नाते सुबह से शाम तक एक साथ घूमते रहते हैं। बहरहाल, खान और यादव फैमिली के गायब बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए वर्दीधारी सक्रिय हैं।



