*✍️राजधानी रायपुर में बढ़ते चाकूबाजी को देखते हुए पुलिस ने कसी कमर, SP के निर्देश पर चौक-चौराहे पर चेकिंग अभियान…..*

रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते चाकूबाजी और अन्य अपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया है. रायपुर पुलिस अब देर रात सुनसान इलाकों में चोरी, चाकूबाजी की घटनाओं पर लगाम कसने पैदल पेट्रोलिंग में निकल पड़ी है. रायपुर में अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसपी प्रशांत अग्रवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाको में पैदल पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए हैं. शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर तलाशी ली जा रही है.
इसके अलावा चाकू रखकर घूमने वाले, अड्डेबाजी करने वाले और असामाजिक तत्वों को समझाइश देकर वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है. साथ ही बाहर की ओर से आ रही वाहनों की डिग्गी की भी तलाशी ली जा रही है. पुलिस के इस अभियान से अपराधियों के मन में खौफ भी देखने को मिल सकता है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तारकेश्वर पटेल ने कहा कि बढ़ते चाकूबाजी और अड्डेबाजी को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. शहर के राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी अतिरिक्त बल के साथ अपने-अपने इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग पर निकले हैं. इस दौरान चाकू रखकर घूमने वाले संदिग्ध लोगों की तलाशी ली जा रही है. अगर कोई भी व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों पर संलिप्त नजर आ रहा है, उस पर एक्शन लिया जा रहा है.



