*✍️West Bengal: ट्रेन हादसे में मौत के 11 साल बाद फिर से जिंदा हुआ शख्स…!!!*

RGHNEWS साल 2010 में पश्चिम बंगाल (West Bengal) के पश्चिमी मिदनापुर में हुए ज्ञानेश्वरी ट्रेन हादसे (Jnaneswari Train Accident) में मृतक घोषित किया जा चुका 38 साल का एक शख्स 11 साल बाद जिंदा मिला है. रहस्य का खुलासा तब हुआ, जब सीबीआई (CBI) ने शनिवार शाम को उत्तर कोलकाता के जोरबागान से अमृतवन चौधरी नाम के एक शख्स को हिरासत में लिया. हादसे के वक्त शख्स की उम्र 27 साल थी.
ट्रेन हादसे में शख्स को मृत बताने की साजिश
बता दें कि ज्ञानेश्वरी रेल हादसे में मृत लोगों की लिस्ट में अमृतवन चौधरी का नाम भी शामिल था. 28 मई, 2010 को पश्चिमी मिदनापुर में माओवादियों ने कथित तौर पर एक भयावह दुर्घटना को अंजाम दिया था.इस दौरान मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (Jnaneswari Express) पटरी से उतरने के बाद सामने से एक मालगाड़ी के साथ जा भिड़ी थी. इस हादसे में 148 यात्रियों ने जान गंवाई थी.
मुआवजे में शख्स की बहन को मिली सरकारी नौकरी
गौरतलब है कि अमृतवन चौधरी की बहन इस वक्त दक्षिण पूर्व रेलवे के सियालदह डिवीजन में असिस्टेंट सिंग्नल के रूप में कार्यरत है. इसके अलावा वह कथित तौर पर केंद्र सरकार की भी एक नौकरी कर रही है, जो भाई की मौत के बाद मुआवजे के तौर पर उसे मिली हुई है.
कहा जाता है कि अमृतवन चौधरी के माता-पिता ने ही मुआवजे के पैकेज के हिस्से के रूप में दी गई राशि को स्वीकार किया था. एफआईआर में अमृतवन चौधरी, उनकी बहन महुआ पाठक और उनके माता-पिता मिहिर कुमार चौधरी और अर्चना चौधरी का नाम शामिल किया गया है. एक अन्य अज्ञात सरकारी और निजी अधिकारियों को भी एफआईआर के दायरे में रखा गया है.



