कांग्रेस MLA के 17 साल के बेटे ने की खुदकुशी,पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से मारी गोली,सुसाइड नोट में लिखा – RGH NEWS
देश

कांग्रेस MLA के 17 साल के बेटे ने की खुदकुशी,पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से मारी गोली,सुसाइड नोट में लिखा

मध्य प्रदेश में जबलपुर के बरगी से कांग्रेस विधायक संजय यादव के छोटे बेटे विभव ने गुरुवार को खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर हालत में भंडारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। विभव ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर फायर किया था।

मौके पर 4 पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पापा-मम्मी को अच्छा बताते हुए घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उसने लिखा कि मेरा दोस्त ऊपर गया, मैं उसके पास जा रहा हूं।

घर में नौकर के अलावा कोई नहीं था
विधायक संजय यादव के दो बेटे हैं। इनमें छोटा बेटा विभव (17) घर पर था। मां सीमा किसी काम से भोपाल गई थीं, जबकि पिता ग्रामीण बैठक में शामिल होने गए थे। बड़ा बेटा समर्थ यादव पेट्रोल पंप पर गया हुआ था। घर पर नौकर हरिनाथ था।

दोपहर डेढ़ बजे घर की पहली मंजिल पर से पिस्टल चलने की आवाज आई। नौकर तुरंत पहुंचा, तो विभव खून से लथपथ पड़ा था। पास ही लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी थी। हरिनाथ ने संजय यादव को सूचना दी। इसके बाद उसे तुरंत भंडारी अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद घर के पास तनाव का माहौल है। यहां भीड़ इकट्ठी हो गई।

4 पेज का सुसाइड नोट मिला
एसपी सिटी रोहित कासवानी ने बताया कि विभव सत्य प्रकाश मदन महल स्कूल में 12वीं का छात्र था। वह साइकोलॉजी की पढ़ाई कर रहा था। शव को पीएम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों के लिए जांच की जा रही है।

घटनास्थल से 4 पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि मां और पापा बहुत अच्छे हैं। मेरे सारे दोस्त बहुत अच्छे हैं। मेरा दोस्त ऊपर चला गया है। मैं भी उसके पास जा रहा हूं। ये सुसाइड नोट उसने 5 दोस्तों को मैसेज किया था। उनसे कहा कि तुम लोग बहुत अच्छे हो अब मैं जा रहा हूं। आशंका है कि उसका कोई दोस्त नहीं रहा। उसकी वजह से सुसाइड किया।

पहली बार के विधायक हैं संजय यादव
संजय यादव 2018 के विधानसभा चुनाव में पहली बार भाजपा नेता प्रतिभा सिंह को हराकर विधायक बने हैं। घटना के बाद कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, बीजेपी विधायक सुशील तिवारी उर्फ इंदु तिवारी, कांग्रेस विधायक तरुण भनोट विधायक संजय यादव के घर पहुंचे।

FSL की टीम पहुंची
सुसाइड की खबर मिलते ही FSL की टीम विधायक संजय यादव के घर पहुंची. सुसाइड के कारणों और तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. पुलिस के मुताबिक एक गोली विभू के सिर में लगी है. बाकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा.

कमलनाथ ने जताया शोक
पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने संजय यादव के बेटे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की हैं. उन्होंने ट्वीट किया कि मेरे करीबी साथी, विधायक संजय यादव के पुत्र विभु यादव के निधन की बेहद दुखद ख़बर मिली. उनके परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं. ईश्वर विभु को अपने श्रीचरणो में स्थान और परिवार को को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे.
खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं और शुभचिंतकों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया. संजय यादव बरगी से विधायक हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button