रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश: चोरी की संपत्ति न खरीदें, पकड़े जाएंगे और परिणाम भुगतना पड़ेगा

Raigarh News :  *रायगढ़, 21 अक्टूबर* । जूटमिल पुलिस ने ट्रेलर चालक से चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी शनि केंवट सहित लूटे गए मोबाइल की खरीद-बिक्री में शामिल पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटे गए मोबाइल की जांच के दौरान उसमें इस्तेमाल हो रहे दूसरे सिम कार्ड के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद एक-एक कड़ी जोड़ते हुए पुलिस लूट की वारदात के मुख्य आरोपी तक पहुंच गई। मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया है।

Read More : Raigarh News : केलो डेम लूटपाट मामले में फरार आरोपी रामकुमार मेहता गिरफ्तार, लूटा हुआ आईफोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त

*चाकू दिखाकर ट्रेलर चालक से लूटा था मोबाइल और नकदी*

मामले के अनुसार, प्रार्थी दीपक कुमार पिता लालदेव राम, उम्र 29 वर्ष, निवासी कृष्णवाटिका बोईरदादर, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़ ने दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को थाना जूटमिल में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

प्रार्थी ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को वह ट्रेलर क्रमांक CG 13 AS 9699 में झारसुगुड़ा से कोयला लोड कर तमनार जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे अमलीभौना स्थित शीला पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन तथा 200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 642/2026 धारा 651(3), 309(1), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।

*मोबाइल में दूसरे सिम से खुला राज, पुलिस पहुंची आरोपियों तक*

विवेचना के दौरान पुलिस ने लूटे गए POCO M7 मोबाइल की जांच की। मोबाइल में दूसरा सिम कार्ड चालू पाया गया। सिम नंबर की पड़ताल करने पर वह मोबाइल दुकान संचालक नीरज परियानी के नाम पर पंजीकृत मिला।

पुलिस ने नीरज परियानी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी दुकान में काम करने वाले भुवन निषाद ने उक्त मोबाइल लाकर बेचा था, जिसे उसने खरीद लिया था। इसके बाद जूटमिल पुलिस ने भुवन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। भुवन ने मोबाइल रोहित दुलेवाले से खरीदना बताया।

पुलिस ने रोहित दुलेवाले को पकड़कर पूछताछ की तो उसने मोबाइल संजय कुमार सिंह से खरीदने की बात कही। संजय कुमार सिंह ने मोबाइल आकाश डेविड से खरीदना बताया, जबकि आकाश डेविड ने मोबाइल शनि केंवट से खरीदने की जानकारी दी।

इस तरह मोबाइल की खरीद-बिक्री की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस मुख्य आरोपी शनि केंवट तक पहुंची।

*शनि केंवट ने साथियों के साथ मिलकर की थी लूट*

आरोपी शनि केंवट, निवासी नाकाडेरा एफसीआई गोदाम के पास, थाना जूटमिल, ने पूछताछ में अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना के दिन ट्रेलर चालक से POCO M7 मोबाइल लूटना स्वीकार किया। उसने लूटे गए मोबाइल को आकाश डेविड के पास 3,000 रुपये में बेचने की बात भी बताई।

विवेचना के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे प्रभारी थाना जूटमिल द्वारा प्रार्थी दीपक कुमार से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपी शनि केंवट की शिनाख्तगी कराई गई। पुलिस ने लूटे गए POCO कंपनी के M7 मॉडल मोबाइल को भी जब्त कर लिया।

*लूट के मोबाइल की रकम से खरीदा था Samsung A36*

आरोपी भुवन निषाद ने लूटे गए मोबाइल को बेचने और बिक्री से प्राप्त रकम से Samsung A36 मोबाइल खरीदने की जानकारी दी। पुलिस ने इस मोबाइल को भी गवाहों के समक्ष जब्त किया है।

विवेचना में नीरज परियानी, भुवन निषाद, रोहित दुलेवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड के चोरी अथवा लूट की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद मोबाइल खरीदने की बात सामने आने पर प्रकरण में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) विस्तारित की गई।

जूटमिल पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपी शनि केंवट और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में पांच अन्य आरोपियों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

👉🏻 *एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*

*“चोरी अथवा लूट की संपत्ति खरीदने वाले लोग भी कानूनी कार्रवाई से नहीं बच सकते। चंद रुपयों के लालच में अपराधियों से सामान खरीदना भारी पड़ सकता है और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर जेल जाना पड़ सकता है।“*

जूटमिल पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि लूट या चोरी की संपत्ति खरीदने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है और अपराध की प्रत्येक कड़ी तक पहुंचकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Read More : FASTag New Rule: यात्रा के दौरान FASTag न चले तो क्या लगता है दोगुना टैक्स? जानें NHAI का यह नया नियम

*गिरफ्तार आरोपी*-
(1) नीरज परियानी पिता अशोक परियानी उम्र 36 वर्ष निवासी सिंधी कॉलोनी वार्ड नंबर 23 चक्रघर नगर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़
(2) भुवन निषाद पिता राजेश निषाद उम्र 24 वर्ष निवासी सोनुमूडा नयापारा थाना जूटमिल जिला रायगढ़
(3) रोहित दुलेवाले पिता मोरेश्वर दुलेवाले उम्र 30 वर्ष निवासी खरबी चौक औरेंज नगर वार्ड नंबर 58 थाना वाथोड़ा जिला नागपुर महाराष्ट्र हाल मुकाम कैदीमुड़ा अनिल चौहान के किराया का मकान थाना जूटमिल जिला रायगढ
(4) संजय कुमार सिंह पिता किशन सिंह उम्र 18 वर्ष निवासी बाजीराव पारा नेहा आप्सेट के सामने थाना जूटमिल जिला रायगढ
(5) आकाश डेविड पिता रामचरण डेविड उम्र 20 वर्ष निवासी कबीर चौक डिपापारा थाना जूटमिल जिला रायगढ़
(6) शनि केंवट पिता श्रीराम केवट उम्र 19 वर्ष निवासी नाकाडेरा एफसीआई गोदाम थाना जूटमिल जिला रायगढ़

ख़बर शेयर करें:

Back to top button