PAYTM की धमाकेदार हुई वापसी! 41% गिरावट के बाद 27% बढ़ा Paytm का शेयर

देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट्स कंपनी पेटीएम (Paytm) के शेयरों में पहले 2 दिन में 41 फीसदी गिरावट आई। इससे रिटेल निवेशकों को भारी नुकसान हुआ। लेकिन कंपनी के कई बड़े इनवेस्टर्स ने मौके का फायदा उठाते हुए पेटीएम में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा ली। सूत्रों के मुताबिक BlackRock Inc. और Canada Pension Plan Investment Board ने मंगलवार और बुधवार को पेटीएम के और शेयरों की खरीदारी की। ये दोनों कंपनियां पेटीएम के एंकर निवेशकों में शामिल हैं।
पेटीएम का शेयर पिछले गुरुवार को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था। पहले दिन यह अपने इश्यू प्राइस 2150 रुपये से करीब 27 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ था। सोमवार को भी इसमें गिरावट जारी रही। दो दिन में इसमें 41 फीसदी गिरावट आई। लेकिन इसके बाद मंगलवार और बुधवार को इसमें तेजी का रुख रहा। गुरुवार को भी यह शुरुआती कारोबार में 7 फीसदी तेजी के साथ 1875 रुपये तक चला गया था।
किस-किस का निवेश
ब्लूमबर्ग के मुताबिक BlackRock और CPPIB ने इस हफ्ते पेटीएम के कितने शेयर खरीदे, इस बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई। लेकिन दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इस पर टिप्पणी करने से इन्कार दिया। पेटीएम के शेयरहोल्डर्स में वॉरेन बफे (Warren Buffett) की Berkshire Hathaway Inc. और मासायोशी सन (Masayoshi Son) SoftBank Group Corp. शामिल हैं। लेकिन कुछ एनालिस्ट्स ने कंपनी के वैल्यूएशन पर सवाल उठाए हैं। साथ ही उनका कहना है कि कंपनी मुनाफे में कब तक आएगी, इसका कुछ पता नहीं है।
Macquarie Capital Securities (India) Ltd. ने पेटीएम के शेयर का टारगेट प्राइस 1,200 रुपये रखा है जो इसके बुधवार के बंद भाव से 32% कम है। जानकारों का कहना है कि पेटीएम कब मुनाफे में आएगी, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है।



