Maharashtra New CM:आज तय होगा महाराष्ट्र का नया मुख्यमंत्री, बैठक में इस नेता के नाम पर बन सकती है सहमति

Maharashtra New CM मुंबईः महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और उनकी गठबंधन को बंपर जीत मिली है। महायुति को 230 सीटों पर जीत हासिल हुई है। भाजपा ने 132, शिवसेना ( एकनाथ शिंदे) ने 57 और NCP (अजित पवार) ने 41 सीटें जीतीं। इसी के साथ ही अब प्रदेश में सरकार गठन की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि तीनों पार्टी मिलकर तय करेंगी कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। मुख्यमंत्री पद के लिए नामों का चुनाव करने के आज तीनों दल के बड़े नेताओं की बैठक हो सकती है।
विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद महायुती में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा गरम है। बीजेपी की ओर से देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना से एकनाथ शिंदे के नाम की चर्चा है, लेकिन मध्य प्रदेश और राजस्थान में जो हुआ, उसे देखते हुए बीजेपी नया नाम भी दे सकती है। बीजेपी के बड़े नेता का कहना है कि बिहार पैटर्न भी बीजेपी अपना सकती है, जहां बीजेपी की सीटें ज्यादा होने के बावजूद भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया।
मुख्यमंत्री के बाबत देवेंद्र फडणवीस जोर देकर कहते हैं कि हमारी महायुति में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई विवाद नहीं है। हम तीनों दल मिलकर इस बारे में बैठक करेंगे। विधानसभा चुनाव में मतदान से पहले भी फडणवीस ने यही बात कही थी। उनका कहना है कि रविवार को बैठक होगी, जिसमें इस बारे में चर्चा की जाएगी। हालांकि, बीजेपी की ओर से लगातार मांग उठ रही है फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया जाए, क्योंकि पिछले कार्यकाल में बीजेपी की 105 सीटें होने के बाद भी 40 सीटों वाले एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया था।



