बिजनेस

Digital Life Certificate: छत्तीसगढ़ में पेंशनरों के लिए बड़ी सौगात, अब घर बैठे 70 रुपये में बनेगा जीवन प्रमाण पत्र

Digital Life Certificate: डाक विभाग एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से अब पेंशनभोगी घर बैठे मात्र 70 रुपए में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवा सकेंगे। इसके तहत कोई भी पेंशनभोगी अपने घर पर ही डाकिया व ग्रामीण डाक सेवक की सहायता से डीएलसी बनवा सकता है। इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं ऐसे पेंशनभोगियों को राहत प्रदान करना है, जिन्हें जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बैंक व अन्य कार्यालयों में जाने में कठिनाई होती है।

 

इस तरह से बनवा सकेंगे प्रमाण-पत्र

डाकिया व ग्रामीण डाक सेवक पेंशनभोगी के घर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस प्रक्रिया में पेंशनभोगी का आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाता है, जिसके माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र डिजिटल रूप में तैयार किया जाएगा।

 

Read more Chhattisgarh samachar: सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकने पर लगेगा जुर्माना, सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार का इनाम

 

केवल 70 रुपए देना होगा शुल्क

डाक विभाग की इस डोरस्टेप सुविधा के लिए पेंशनभोगियों को मात्र 70 रुपए का भुगतान करना होगा। इसके जरिए उन्हें घर पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने की सुविधा मिलेगी। यह सेवा उन लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगी, जिनके परिवार के सदस्य दूर रहते हैं और जिन्हें अकेले बैंक या सरकारी कार्यालय तक पहुंचने में परेशानी होती है।

 

दिव्यांग पेंशनभोगियों को मिलेगी राहत

Digital Life Certificateहर साल पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनभोगियों को निर्धारित समय पर जीवन प्रमाण-पत्र जमा करना होता है। पहले इसके लिए कई लोगों को बैंक या संबंधित कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से जाना पड़ता था। अधिक उम्र, बीमारी, चलने-फिरने में परेशानी और ग्रामीण क्षेत्रों में दूरी के कारण यह प्रक्रिया कई बार बुजुर्गों के लिए मुश्किल हो जाती थी। डाक विभाग की इस पहल से अब घर बैठे ही यह जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों को भी इसका लाभ मिलेगा, क्योंकि डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक पहले से ही घर-घर तक डाक सेवाएं पहुंचाते हैं।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button