Chhatttisgarh news raipur: रायपुर में सनसनी, एक ही रात में 5 लड़कियां गायब होने से मचा हड़कंप

Chhatttisgarh news raipur राजधानी रायपुर में शनिवार रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक साथ पांच लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सभी मामलों में अपहरण का केस दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। इसके अलावा रात भर चली कार्रवाई में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 46 लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
राजधानी के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक ही रात में पांच लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। किसी मामले में बेटी घर से निकली और वापस नहीं लौटी, तो कहीं परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है। रात भर थानों में परिजनों की भीड़ लगी रही। वहीं पुलिस की टीमें लड़कियों का पता लगाने के लिए सड़कों और सीसीटीवी कैमरों को खंगालती रहीं। 28 और 29 नवंबर की दरम्यानी रात को राजधानी में कुल 62 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पांच लड़कियों के एक साथ गायब होने की रही।
चार थानों में दर्ज हुए अपहरण के मामले
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लड़कियों के लापता होने की शिकायतें शहर के बाहरी और व्यस्त इलाकों से सामने आई हैं। पहली शिकायत उरला थाने में पहुंची, जहां परिजनों ने अज्ञात आरोपी द्वारा बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके कुछ ही देर बाद खमतराई थाना क्षेत्र से भी एक लड़की के अचानक गायब होने की सूचना मिली। मुजगहन थाने में भी परिजनों ने पहुंचकर अपनी बेटी के लापता होने और अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दी। वहीं मोवा इलाके से एक ही रात में दो अलग-अलग परिवारों की लड़कियों के गायब होने के मामले सामने आए हैं। रायपुर पुलिस ने इन सभी पांचों मामलों को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें मोबाइल लोकेशन और आसपास के रास्तों के फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी हैं।
खुलेआम शराब पीने वाले 46 लोग भी गिरफ्तार
एक तरफ जहां पुलिस लापता लड़कियों की तलाश में जुटी रही, वहीं दूसरी तरफ शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात भर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ की। कोतवाली, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, सरस्वती नगर, गंज और खमतराई थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से कई आरोपी सड़क किनारे खुलेआम जाम छलका रहे थे, जबकि कई लोग दुकान और ठेलों की आड़ में अवैध रूप से शराब पिलाते पकड़े गए। इस कार्रवाई में खमतराई से सर्वाधिक 17, गंज से 9, राजेंद्र नगर से 7, सरस्वती नगर से 6, तेलीबांधा से 3 और कोतवाली इलाके से 2 आरोपियों को पकड़ा गया।
रफ्तार और मारपीट पर भी कसा शिकंजा
Chhatttisgarh news raipurरात भर चली पुलिसिंग के दौरान तेज और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। टिकरापारा, डीडी नगर, उरला, सरस्वती नगर, तेलीबांधा और खमतराई इलाकों में रैश ड्राइविंग के 8 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा मोवा और खमतराई में मारपीट की घटनाएं हुईं, जबकि मौदहापारा क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता लड़कियों की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा। साथ ही शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात की गश्त और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।