छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhattisgarh news Raipur: रायपुर में ड्रग्स तस्करों पर एक्शन, 3 दोषियों को 20 साल की जेल, 6 आरोपी बरी

Chhattisgarh news Raipur :छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर  में सामने आए चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में NDPS की स्पेशल कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मामले के 9 आरोपियों में से 3 को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कैद की सजा सुनाई है।

 

सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे (Aryan Thackeray Drug Case) , नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर बाकी 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत (Chhattisgarh Drug Trafficking Case) ने सुनाया। मामले में कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे।

 

यह खबर भी पढ़ें: Chhattisgarh Census 2027: रायपुर में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 25 जनवरी से घर- घर पहुंचेंगे कर्मचारी, स्व-गणना की मिलेगी सुवि

 

नाइजीरियाई नागरिक से खरीदते थे ड्रग्स

सरकारी वकील स्वामी शर्मा के मुताबिक, आरोपियों का ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क हिमाचल प्रदेश के कसोल से रायपुर और दिल्ली तक फैला था। आरोपी नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट समेत अन्य लोगों से चरस, कोकीन और एमडीएमए (MDMA) खरीदते थे।

 

 

इसके बाद हिमाचल प्रदेश के होटल के जरिए ड्रग्स छत्तीसगढ़ पहुंचाई जाती थी। रायपुर में इसकी बिक्री के लिए अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई थी।

 

शुभम के पास मिली थी ड्रग्स और पिस्टल

इस मामले की शुरुआत 23 सितंबर 2024 को हुई थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी।

 

कार्रवाई के दौरान शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस और 98 एमडीएमए टैबलेट बरामद किए गए थे, जिनका कुल वजन 45.08 ग्राम था। पुलिस को एक लोहे की पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपए नकद और दो स्मार्टफोन भी मिले थे।

 

कसोल के होटल से रायपुर पहुंचाई जाती थी कोकीन

जांच में सामने आया कि, आर्यन ठाकरे हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल एप्पल पाई में मैनेजर था। उसने अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री के साथ होटल लीज पर लिया था।

 

पुलिस के मुताबिक, आर्यन को 21 सितंबर 2024 को सत्यप्रकाश ने सफेद पाउडर का पैकेट दिया था, जिसे लेकर वह रायपुर पहुंचा। उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन बरामद की गई थी। इसकी डिलीवरी रायपुर के नरैया तालाब के पास होनी थी।

 

हर खेप पर मिलता था 25 हजार रुपए कमीशन

जांच में अभिषेक साहू उर्फ चीनी की भूमिका भी सामने आई थी। उसके बयान के मुताबिक, वह शुभम सोनी के लिए ड्रग्स मंगवाता था। इसके लिए अमनदीप छाबड़ा के बताए बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी।

 

ड्रग्स की तस्वीरें वॉट्सऐप और स्नैपचैट पर भेजी जाती थीं। इसके बाद आर्यन ठाकरे माल लेकर रायपुर पहुंचता और अभिषेक को सौंपता था। इस काम के बदले अभिषेक को हर खेप पर 25 हजार रुपए कमीशन मिलता था।

 

बैंक खाते के जरिए होता था पैसों का लेनदेन

पुलिस जांच में सामने आया कि ,ड्रग्स खरीदने के लिए करीब 3 लाख रुपए नाजरे आलम के कोटक महिंद्रा बैंक खाते में जमा कराए गए थे। अमनदीप छाबड़ा के बयान के अनुसार, इनोसेंट से कोकीन और एमडीएमए, जबकि अशोक यादव से चरस प्राप्त की जाती थी। इसके बाद आर्यन के जरिए खेप रायपुर भेजी जाती थी।

 

पुलिस ने किया मामले का खुलासा

Chhattisgarh news Raipurइस तरह पुलिस ने हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और रायपुर के बीच फैले ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया। मामले में सुनवाई के बाद कोर्ट ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए 20-20 साल की सजा सुनाई, जबकि 6 आरोपियों को बरी कर दिया।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button