Accident:दर्दनाक सड़क हादसा, टूरिस्ट वैन खाई में गिरी; 9 लोगों की मौत, 4 घायल

Accident:तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपराई पहाड़ी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केरल से जा रही एक टूरिस्ट वैन गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बैरियर से टकराकर खाई में गिरी वैन
जानकारी के अनुसार, केरल के मलप्पुरम जिले से 13 यात्रियों को लेकर जा रही वैन वालपराई–पोल्लाची पहाड़ी मार्ग से नीचे उतर रही थी, तभी वह अनियंत्रित हो गई। वाहन 13वें हेयरपिन मोड़ पर एक बैरियर से टकरा गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। गिरने के बाद वैन कई बार पलटी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की तस्वीरों में वाहन बुरी तरह चकनाचूर दिखाई दे रहा है।
वालपराई पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
शिक्षक भी थे सवार
बताया जा रहा है कि मृतकों में कुछ लोग मलप्पुरम के एक स्कूल के शिक्षक थे, जो घूमने के लिए वालपराई आए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को खाई से बाहर निकाला और घायलों को पोल्लाची सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हादसे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ। ड्राइवर की स्थिति को लेकर भी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
Accident: पीएमओ का बयान
प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कोयंबटूर में हुए इस हादसे से गहरा दुख हुआ है। पीएमओ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।



