Raigarh News: आसमान से आफत बनकर बरसी बारिश से रायगढ़ हुआ पानी-पानी... – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News: आसमान से आफत बनकर बरसी बारिश से रायगढ़ हुआ पानी-पानी…

Raigarh News रायगढ़, 26 जून। आसमान से आफत बनकर बरसी बरसात ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया। रायगढ़ के कई इलाके में पानी घुसने से लोगों को अपनी जानमाल बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। वहीं, चक्रपथ के साथ खर्राघाट और कयाघाट रपटा जलमग्न रहा। झमाझम बरसात से शहर की कई सड़कों में पानी भरने से आवाजाही भी प्रभावित रही।

अप्रैल से मई और अब जून में भी आग उगलती गर्मी से परेशान लोगों के लिए बारिश की फुहार भले ही राहत का संदेश लेकर आई, मगर मौसम के बदले मिजाज से जिस तरह झमाझम बारिश हुई, उससे खासी परेशानी भी हुई। वहीं, निगम प्रशासन की कथित दावे की भी पोल खुल गई। दरअसल, शनिवार से शुरू हुई आसमानी झड़ी रविवार रात और सोमवार सुबह इस कदर बढ़ी कि शहर सहित ग्रामीण अंचल में भी जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। आसमान से आफत बनकर बरसी बरसात से चक्रपथ के साथ खर्राघाट और कयाघाट रपटा डूबने से लोगों को आने-जाने के लिए घूमकर दूसरे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। इसी तरह रेल्वे स्टेशन के पास पैठू डबरी और मालधक्का के रेलवे अंडर ब्रिज में नालियों का पानी उफान मारने से आसपास के लोगों को जो नारकीय यातना भोगना पड़ा, उससे उनका दिन खराब हो गया।

बात करें शहरी क्षेत्र की तो शहीद चौक से गोपी टाकीज रोड तक बरसाती पानी के जमाव को रोकने के लिए बिजली ऑफिस के सामने बनाई गई नाली भी काम नहीं तैयार इसके उफनने पर मुख्य सड़क तालाब की तरह दिख रहा था। इसी तरह मरीन ड्राइव के चक्रपथ, पंजरी प्लांट नाला, मालधक्का, गणेश तालाब मार्ग, फ्रेंड्स कॉलोनी, कबीर चौक, काशीराम चौक समेत अन्य कई क्षेत्रों में बरसाती पानी के घुसपैंठ से हालात तकलीफदेह रहा। जानकारों की माने तो शहर के मुख्य मार्ग सहित गली-मोहल्ले के नाली और नाले अतिक्रमण की चपेट में हैं और बारिश के पानी की सही तरीके से निकासी नहीं होने से कई इलाके में जल भराव की स्थिति बनी। जबकि, निगम प्रशासन ने यातायात दुरुस्ती के लिए सड़कों के किनारे और नालियों के ऊपर बरसों से काबिज बेजकब्जधारियों को खदेड़ चुका है, फिर भी बरसात में ऐसी स्थिति आन पड़ने से लोगों का भड़कना जायज भी है।

 

*गणेश तालाब से लगे घड़ी चौक रोड बना नदी*

 

शहर के पैठू डबरी और रुक्मणि विहार में जलभराव से लोग भले ही डरे सहमे रहे, मगर गणेश तालाब से लगे घड़ी चौक रोड अघोषित नदी बना रहा। रामलीला मैदान से सटे निगम की दुकानों के नालियों के जाम होने से बरसाती पानी सड़क में बहने लगा। ऐसे में धींगामस्ती में मस्त बच्चों को पता चला कि गणेश तालाब के पास छोटी नदी सी बन गई है तव अपने साथियों के साथ वहां जाकर न केवल नहाने लगे, बल्कि फुटबॉल लेकर खेलने भी लगे।

 

*घर में मगरमच्छ निकलने की खबर ने फैलाई सनसनी*

 

रायगढ़ पानी-पानी हो रहा था और लोग सोशल मीडिया में अपडेट डालकर नगर निगम को कोसते रहे। इस बीच खबर यह भी फैली की श्याम टॉकीज रोड में जगतरामका घर में 2 फीट के मगरमच्छ के बच्चे को देखा गया है। फिर क्या, शहर में मगरमच्छ मिलने की सूचना ने सोशल मीडिया का पारा गर्म कर दिया। लोग भरी बरसात में मगरमच्छ देखने के लिए जगतरामका के घर पहुंचने लगे। ऐसे में सर्परक्षक टीम के जयनारायण खर्रा ने जगतरामका निवास जाकर रेस्क्यू कर जब कथित मगरमच्छ को पकड़ा तो पता चला कि वह गोहे था जिसकी बनावट मगरमच्छ की तरह होने पर खलबली मची रही।

 

Read more छत्तीसगढ़ में राजस्व विभाग में निकली बंपर वैकेंसी, 30 जून तक कर सकते हैं आवेदन…

 

 

*मौसम विभाग का दावा-72 घंटे होगी बरसात*

Raigarh Newsभले ही सोमवार दोपहर बाद बरसात कम होने से लोग राहत की सांस ले रहे हैं, पर रुक-रुककर हो रही रिमझिम फुहार ने भी परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक बरिश होने की आशंका जताते हुए पब्लिक को अलर्ट भी किया है। बताया जाता है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली, बेमेतरा, कबीरधाम में आगामी 72 घंटे बारिश होने का दावा किया है। चूंकि, रायगढ़ में भी इसके आसार जताए गए हैं इसलिए पब्लिक को अलर्ट रहने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button