कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बुलाई बैठक

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (मंगलवार को) सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है. पीएम मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ आज शाम 4 बजे वर्चुअल माध्यम से बैठक करेंगे. बीते शनिवार को भी पीएम मोदी ने कोरोना को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना वायरस के नए 1 लाख 68 हजार 63 मामले सामने आए हैं. इस दौरान 277 कोरोना मरीजों की मौत हो गई. हालांकि 69 हजार 959 संक्रमित बीते 24 घंटे में रिकवर भी हुए.
भारत में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों की संख्या 8 लाख के पार पहुंच गई है. देश में इस वक्त कोविड-19 के 8 लाख 21 हजार 446 एक्टिव केस मौजूद हैं.
वहीं कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट घटकर 10.64 फीसदी हो गया है. पिछले दिन के मुकाबले भारत में संक्रमण दर करीब 3 फीसदी तक घट गई है. सोमवार को देश में कोविड-19 की संक्रमण दर 13.29 फीसदी थी.



