इन पदों पर भर्ती के लिए अब नहीं होगा साक्षात्कार

लखनऊ। यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजना विभाग के तहत विभिन्न व्यवसायों के अनुदेशकों की भर्ती के लिए अब साक्षात्कार नहीं लेने का निर्णय लिया है। आयोग द्वारा लिए गए निर्णय के मुताबिक इन पदों पर भर्ती के लिए अब से लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी ध्यान दें कि इस भर्ती के लिए आवेदन पहले ही आमंत्रित किए जा चुके हैं। वर्ष 2015 के विज्ञापन में 28 व्यवसायों के कुल 559 और वर्ष 2016 के आवेदन में 30 व्यवसायों के 293 पदों के लिए आवेदन लिए गए थे। आयोग की उपसचिव प्रियंका सिंह ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
जारी आदेश में यह भी जानकारी दी गई है कि उत्तर प्रदेश के अपर स्तरीय पदों पर सीधी भर्ती साक्षात्कार के माध्यम से बंद कर दी गई है। यानी अब कोई भी भर्ती केवल साक्षात्कार के आधार पर नहीं की जाएगी। आयोग सीधी भर्ती के शेष लंबित मामलों में भी संबंधित विभागों की राय लेगा और शासन से परीक्षा योजना व पाठ्यक्रम का अनुमोदन प्राप्त कर लिखित परीक्षा से चयन की प्रक्रिया पूरी करेगा। यह भी तय किया गया है कि लिखित परीखा में गलत जवाब देने पर निगेटिव मार्किंग होगी।



