Amazon Prime पर अब आपको मूवी देखना पड़ेगा महंगा,जानें क्या कहा कंपनी ने

नई दिल्ली. अमेजन प्राइम (Amazon Prime) पर अब आपको मूवी देखना महंगा पड़ने वाला है. दरअसल, अमेजन प्राइम मेंबरशिप (Amazon Prime Membership) लेने के लिए अब आपको पहले के मुकाबले 50 फीसदी तक तक ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है. जल्द ही ई-कॉमर्स और OTT प्लेटफॉर्म कंपनी अपनी प्राइम मेंबरशिप की कीमत बढ़ाने वाली है. बता दें कि हाल ही में Disney+ Hotstar ने भी अपनी मेंबरशिप चार्ज बढ़ाई है. अब Amazon 2017 के बाद पहली बार अपनी मेंबरशिप कॉस्ट में यह बदलाव करने जा रहा है.
ई-कॉमर्स ब्रांड मासिक प्राइम मेंबरशिप कीमतों को मौजूदा 129 रुपये से बढ़ाकर 179 रुपये करेगा, 3 महीने या तिमाही लागत 329 रुपये से बढ़ाकर 459 रुपये करने जा रहा है. वहीं, सालाना मेंबरशिप जो मौजूदा समय में 999 रुपये में है, उसे बढ़ाकर 1,499 रुपये किया जा सकता है.
जानें क्या कहा कंपनी ने?
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि अमेजन प्राइस की सदस्यता की कीमत बढ़ सकती है. यह बढ़ोतरी जल्दी ही लागू की जाएगी. हालांकि, ये बढ़ी हुई कीमतें कब से लागू की जाएंगी, इसके बारे में कुछ भी जानकारी नहीं दी गई है. बता दें कि Amazon Prime Membership को जुलाई 2016 में 499 रुपये की शुरुआती कीमत पर भारत में लॉन्च किया गया था, बाद में इसे अक्टूबर 2017 से 999 रुपये कर दिया गया. कंपनी ने समय के साथ मेंबरशिप में शामिल ऑफर्स का विस्तार करना जारी रखा और यह 2017 के बाद मेंबरशिप कॉस्ट में पहली बढ़ोतरी होगी.



