Chhattisgarh news today: वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों पर चुनाव आयोग का निर्देश, छत्तीसगढ़ समेत 25 राज्यों में चलेगा विशेष सत्यापन अभियान

Chhattisgarh news today मतदाता सूची में संभावित गलतियों और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को दुरुस्त करने के लिए चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को विशेष सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके तहत मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, तस्वीर और संबंध संबंधी विवरणों की जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया के लिए 1 जनवरी, 2027 को पात्रता की तारीख निर्धारित की गई है। इस पहल का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले मतदाता डेटाबेस की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।
SIR के दौरान जुटाए गए आंकड़ों से होगा मिलान
चुनाव आयोग ने 25 नवंबर को जारी निर्देश में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात समेत 26 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को मौजूदा मतदाता विवरणों का मिलान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जुटाए गए आंकड़ों से करने को कहा है।
आयोग के अनुसार, मतदाताओं के नाम, संबंध संबंधी विवरण, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और तस्वीरों सहित अन्य जानकारियों का पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान जुटाए गए डेटा से मिलान किया जाएगा। इस दौरान सामने आने वाली विसंगतियों और अंतर को चिह्नित कर उनका फील्ड सत्यापन कराया जाएगा और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
घर-घर जाकर जांच करेंगे BLO
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चिह्नित सभी प्रविष्टियों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य होगा। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनके विवरणों का सत्यापन करने और जहां सुधार की आवश्यकता हो, वहां विधिवत भरे और हस्ताक्षरित फॉर्म-8 आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद इन आवेदनों की जांच और निपटारा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करेंगे।
पारदर्शिता और सटीकता पर जोर देते हुए आयोग ने कहा है कि केवल स्वचालित पहचान प्रणाली के आधार पर मतदाता विवरण में कोई सुधार नहीं किया जाएगा। मतदाताओं के जनसांख्यिकीय विवरण में बदलाव से जुड़ी इस प्रक्रिया में प्रत्येक सुधार के लिए हस्ताक्षरित फॉर्म-8 आवेदन जरूरी होगा और निर्धारित सत्यापन के बाद सक्षम अधिकारी की मंजूरी से ही बदलाव किया जाएगा।
Chhattisgarh news todayआयोग ने बताया कि पूरी सत्यापन और सुधार प्रक्रिया ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध संबंधित बीएलओ, एईआरओ और ईआरओ मॉड्यूल के जरिए संचालित होगी। निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और संबंधित सभी अधिकारियों तक इन निर्देशों की जानकारी पहुंचाने को कहा है।