Chhatisgarh News: सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग की त्वरित कार्रवाई

Chhatisgarh News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत पर जिला खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए खनिज रेत के 5 ट्रैक्टर एवं खनिज गिट्टी से भरे 1 ट्रैक्टर सहित कुल 6 वाहनों को जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम हेल्पलाइन (टोल फ्री नंबर-1076) में अवैध खनिज परिवहन की शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर ने तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में खनिज विभाग की टीम ने कोलबिर्रा एवं रुमगा क्षेत्र से 3, खंता एवं पिपरिया क्षेत्र से 2 रेत से भरे ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से 1 गिट्टी से भरे ट्रैक्टर को अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। विभाग ने बताया कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा किए जाने के उपरांत ही नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए। इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी श्री आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक श्री सुजीत कंवर, खनिज सिपाही श्री शिवकुमार लहरे एवं नगर सैनिक श्री सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।


