Cg News: सीएम हेल्पलाइन 1076 सेवक राम के परिवार की बनी उम्मीद की किरण

Cg News: गौरेला पेंड्रा मरवाही, 15 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पतगवा में देखने को मिली। ग्राम पतगंवा निवासी श्री सेवक राम पाठकर अपने बच्चों के जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने कई बार संबंधित कार्यालय में आवेदन किया, लेकिन विभिन्न कारणों से उनके प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे थे। इससे उन्हें शासकीय योजनाओं और आवश्यक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या का समाधान नहीं होने पर सेवाराम ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर उनके बच्चों का जाति प्रमाण पत्र स्वीकृत कर दिया। विभाग की इस त्वरित कार्यवाही से उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया। अपनी समस्या के शीघ्र निराकरण से प्रसन्न सेवक राम पाठकर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले जहां उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था, वहीं सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उन्हें समयबद्ध और प्रभावी राहत मिली।



