डेल्टा प्लस वैरिएंट का पहला केस' यह देश का 7वां मामला..... – RGH NEWS
देश

डेल्टा प्लस वैरिएंट का पहला केस’ यह देश का 7वां मामला…..

मध्यप्रदेश में संक्रमण की दूसरी लहर के काबू में आने के बाद अब कोरोना के नए डेल्टा प्लस वैरिएंट का पहला मामला मिलने से चिंता बढ़ गई है। भोपाल में बरखेड़ा पठानी निवासी एक 64 साल की महिला में यह वैरिएंट मिला है। कुछ दिन पहले महिला का सैंपल जांच करने के लिए भेजा गया था। हालांकि अब महिला की रिपोर्ट निगेटिव है और वह अपने घर पर है।

देश में कोरोना की दूसरी लहर के लिए कोरोना के डेल्टा वैरिएंट को जिम्मेदार माना जाता है। यह पहली बार भारत में ही पाया गया। अब इसी वैरिएंट का बदला रूप डेल्टा प्लस है। इससे पहले देश में डेल्टा प्लस वैरिएंट के 6 मामले मिल चुके हैं।

15 सैंपल भेजे गए थे जांच के लिए
गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) भोपाल से इस महीने 15 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जीनोम सिक्वेंसिंग में महिला के सैंपल में डेल्टा प्लस वैरिएंट मिला है। साथ ही रिपोर्ट में डेल्टा और अन्य वैरिएंट भी मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की तरफ से महिला की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री निकाली गई है। इसमें 20 लोग की पहचान की गई है, जिनकी जांच की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट फाइनल होने के बाद ही कुछ कह पाएंगे। फिलहाल इस मामले में अधिकारी नया वैरिएंट मिलने की बात कबूल कर रहे हैं, लेकिन अभी आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं। जिस महिला में डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि हुई है, वह अब ठीक है।

घर पर ही चला इलाज
महिला के बेटे गजेंद्र चौहान ने बताया कि उनकी मां को 23 मई को कोरोना संक्रमण के लक्षण आए। इसमें बुखार के साथ शरीर में दर्द हो रहा था। उसी दिन शाम को बरखेड़ा पठानी नगर निगम के वार्ड कार्यालय- 60 में RT-PCR जांच करवाई। अगले दिन रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

महिला को वैक्सीन लग चुकी थी
मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि शहर में कोरोना का नया वैरिएंट डेल्टा प्लस मिला है। संक्रमित महिला कोरोना वैक्सिनेटेड है। उसे निगरानी में रखा गया है। उसकी हालत ठीक है। सैंपल को NCDC और हायर रिसर्च इंस्टीट्यूट को भेजा है।

उधर, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि सरकार लगातार कोरोना की तीसरी लहर को लेकर सचेत है। लगातार हो रही जांच से कोरोना डेल्टा प्लस का केस पकड़ में आया है।

कैसे बना डेल्टा प्लस वैरियंट?
डेल्टा प्लस वैरियंट, डेल्टा वैरियंट यानी कि बी.1.617.2 स्ट्रेन के म्यूटेशन से बना है। म्यूटेशन का नाम K417N है और कोरोना वायरस के स्पाइक प्रोटीन में यानी पुराने वाले वैरिएंट में थोड़े बदलाव हो गए हैं। इस कारण नया वैरिएंट सामने आ गया। स्पाइक प्रोटीन, वायरस का वह हिस्सा होता है जिसकी मदद से वायरस हमारे शरीर में प्रवेश करता है और हमें संक्रमित करता है।

K417N म्यूटेशन के कारण ही कोरोना वायरस हमारे प्रतिरक्षा तंत्र (इम्यून सिस्टम) को चकमा देने में कामयाब होता है। नीति आयोग ने 14 जून को कहा था कि डेल्टा प्लस वैरियंट इस साल मार्च से ही हमारे बीच मौजूद है। हालांकि, ऐसा कहते हुए नीति आयोग ने बताया कि ये अभी चिंता का कारण नहीं है।

डेल्टा प्लस वैरिएंट पर अभी चल रही है रिसर्च
विशेषज्ञों का कहना है कि इस नए डेल्टा प्लस वैरिएंट पर मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल का भी असर नहीं होगा। कोरोना के इलाज के लिए मोनोक्लोनल एंटीबॉडी थेरेपी का उपयोग किया जा रहा है। इस थेरेपी में एक ऐसी दवा का इस्तेमाल किया जाता है, जो संक्रमण से लड़ने के लिए शरीर में प्राकृतिक रूप से बनी एंटीबॉडी की नकल करती है।

हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश में डेल्टा प्लस का संक्रमण बहुत कम है, लेकिन कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी संक्रमण दर और घातक होने का अभी कोई अंदाजा नहीं है। इस पर अभी रिसर्च चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button