Kerala New CM: केरल के नए मुख्यमंत्री बने वीडी सतीशन, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता रहे मौजूद

Kerala New CM केरल की नव निर्वाचित सरकार का आज तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के तमाम सीनियर नेता मौजूद रहे। समारोह में वीडी सतीशन ने सीएम पद की शपथ ली।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद वीडी सतीशन को बधाई दी।
कौन हैं वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन ने अपनी राजनीति की शुरुआत 1990 के दशक में छात्र संघ से की थी। 1996 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन इस चुनाव में वह हार गए थे। वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से थे और उनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं थी। फिर भी वह राजनीति में आए और उन्हें इसके लिए परिवार से भी समर्थन मिला। सतीशन केरल उच्च न्यायालय में वकालत भी कर चुके हैं।
सतीशन की खासियत ये है कि वह लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलते हैं और जमीन से जुड़े हुए नेता हैं। उनके भाई-बहन बेहद सादा जीवन जीते हैं। उनके परिजन बताते हैं कि उनमें शुरू से ही नेतृत्व का गुण था।
किन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और केपीसीसी प्रमुख सनी जोसेफ के साथ-साथ इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन समसुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर शामिल थे।
मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब, सीपी जॉन, एपी अनिल कुमार, टी सिद्दीकी, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदू कृष्णा, एम लिजू, केए थुलसी और ओ जे जनीश ने भी शपथ ली।
कौन संभालेगा विधानसभा अध्यक्ष का पद?
सतीशन ने घोषणा की थी कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष होंगे। विधायक अपू जॉन जोसेफ को सरकार का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है।
पीएम मोदी ने सतीशन को बधाई दी
Kerala New CMPM मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके सतीशन को बधाई दी है। पीएम ने कहा, “केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले वीडी सतीशन को हार्दिक बधाई। उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार नवगठित केरल सरकार को हर संभव सहयोग का आश्वासन देती है।”



