Delhi Schools Bomb Threat: तीन विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी! ईमेल मिलने से मचा हड़कंप, हाई अलर्ट पर पुलिस

Delhi Schools Bomb Threat : दिल्ली के कम से कम तीन विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी बृहस्पतिवार सुबह ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद आपातकालीन एजेंसियों ने तुरंत विद्यालयों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। डीएफएस अधिकारी ने बताया, “हमें द्वारका स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल और सेंट थॉमस स्कूल तथा पश्चिम एन्क्लेव स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल को बम की धमकी वाले ईमेल मिलने के बारे में जानकारी मिली। एहतियात के तौर पर दमकल की गाड़ियां और बचाव दल तुरंत संबंधित स्थानों पर भेजे गए।’
मामले पर अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल, बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्ते और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को विद्यालयों में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर, स्कूल प्रशासन ने तलाशी अभियान के दौरान छात्रों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल दिया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और परिसर की व्यापक तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि साइबर टीम को सतर्क कर दिया गया है और ईमेल कहां से भेजा गया था, इसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Delhi Schools Bomb Threatपुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “ईमेल के स्रोत और प्रामाणिकता का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हम यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस तरह की धमकियां अन्य संस्थानों को भी भेजी गई हैं।” पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।



