महाराष्ट्र के नागपुर जिले में लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। दरअसल सदर थाना क्षेत्र के तहत फराज सिद्दकी नामक एक पेट्रोल पंप मालिक की कार का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने 25 लाख रुपये से भरा हुई बैग चोरी कर लिया।

यह घटना श्रीराम टॉवर परिसर के सामने हुई, जहां वह अपने एक कारोबारी मित्र से मिलने के लिए कुछ देर तक रुके हुए थे। जानकारी के अनुसार, फराज सिद्दकी अपने व्यवसायिक पार्टनर के ऑफिस से 25 लाख रुपये कैश लेकर निकले थे।

इस दौरान उन्हें श्रीराम टॉवर में अपने एक मित्र से मिलना था। टॉवर की पार्किंग में जगह न मिलने के कारण उन्होंने अपनी कार सड़क के किनारे खड़ी कर दी और मित्र से मिलने चले गए।

कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी कार का बीच वाला शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा कैश से भरा बैग गायब था। यह देख वे हैरान रह गए और तुरंत सदर पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही

सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या चोर पहले से ही फराज सिद्दकी का पीछा कर रहे थे। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं

ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दे रही है। घटना के बाद पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत के बाद शहर के सदर पुलिस थाने मे लूट का मामला दर्ज कर लिया है।