Cg News: छत्तीसगढ़ में इस हरकत से परेशान मां-बाप ने करंट लगाकर बेटे को मार डाला – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Cg News: छत्तीसगढ़ में इस हरकत से परेशान मां-बाप ने करंट लगाकर बेटे को मार डाला

Cg News कवर्धा में माता-पिता ने बेटे को करंट लगाकर मार डाला। बताया जा रहा है कि दोनों अपने बेटे के जुआ-सट्टा खेलने की लत और मारपीट से बेहद परेशान थे। इसीलिए दोनों ने करंट लगाया फिर वायर से गला घोंट दिया। वारदात सिटी कोतवाली क्षेत्र के घुघरीकला गांव की है।

जानकारी के मुताबिक राजू राजपूत (35 वर्ष) जुआ-सट्टा खेलने का आदी था। वह घर की संपत्ति को बेचकर रकम जुए-सट्टे में हार कर बरबाद कर रहा था। माता-पिता ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह सुधरने का नाम नहीं ले रहा था।

खेत में खून से सनी लाश मिली

ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह खेत में बनी झोपड़ी में खून से सनी लाश पड़ी मिली थी। इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लाश की पहचान गांव के ही राजू राजपूत (35 वर्ष) के रूप में की गई।

वायर से गला घोंटने की वजह से गले पर गोल निशान बन गया था। चारों ओर से खून बहने के निशान थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंप दिया।

करंट का तार उसके गले में लपेट दिया

राजू शादीशुदा था, उसकी 2 बेटियां भी हैं, लेकिन वह कोई काम, धंधा नहीं करता था। उलटा जुआ-सट्टे की लत के चलते परिवार वालों को मारपीट कर परेशान करता था। इससे तंग आकर माता-पिता ने उसकी हत्या करने का इरादा बना लिया।

सोमवार रात को उन्होंने घर से बेटे को ट्यूबवेल बनाने के बहाने खेत में बुलाया। बेटा जैसे ही खेत पहुंचा, दोनों करंट प्रवाहित तार उसके गले में लपेट दिया, जिससे वह झुलस गया। उसके गिरने के बाद दोनों ने मिलकर गला भी घोंट दिया।

गांव में आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान ऐसे सुराग मिले कि परिजन पर शक गहराने लगा था। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता को बुलाकर पूछताछ की। काफी समय तक तो उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर जुर्म कबूल कर लिया।

Cg News इसके बाद पुलिस ने मृतक की मां कुमारी राजपूत (50 वर्ष) और पिता जगदीश राजपूत (55 वर्ष ) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button