मनोरंजन

9 महीने बाद NCB ने 30 हजार पेज की चार्जशीट फाइल की, रिया चक्रवर्ती-शोविक मुख्य आरोपी समेत 33 लोगों के नाम

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स एंगल की जांच करने वाले नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम ने शुक्रवार को मुंबई की NDPS कोर्ट में चार्जशीट (कंप्लेंट) फाइल कर दी। 30 हजार पेज की चार्जशीट में दीपिका पादुकोण, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर का बयान भी जोड़ा गया है। पांच आरोपी फरार बताए गए हैं, जबकि रिया चक्रवर्ती और उनका भाई शोविक चक्रवर्ती मुख्य आरोपी हैं।

ड्रग्स की बरामदगी और जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रिपोर्ट, फोरेंसिक रिपोर्ट, गवाहों के बयान के आधार पर यह चार्जशीट तैयार की गई है। इसमें 50 हजार पेज के डिजिटल एविडेंस अलग से हैं। चार्जशीट में करीब 200 गवाहों के बयान दर्ज हैं।

इस केस में अब तक 33 लोग हुए अरेस्ट
इस मामले में कुल 38 आरोपी हैं। इनमें से 5 फरार हैं, जबकि NCB ने 33 लोगों को अब तक अरेस्ट किया है। जिनकी गिरफ्तारी हुई उनमें रिया और उनके भाई के अलावा सुशांत सिंह राजपूत के मैनेजर सैमुअल मिरांडा, दीपेश सावंत और कई ड्रग पैडलर शामिल हैं। इसी केस से मिले सुराग के बाद एक अन्य केस में NCB ने बॉलीवुड में कुछ नामचीन एक्ट्रेस से भी पूछताछ की थी।

सुशांत का केस NCB के हाथ ऐसे आया
सुशांत की मौत के दो महीने बाद उनके पिता ने पटना में केस दर्ज कराया था। यह केस सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया और रिया के परिवार के सदस्यों समेत 5 लोगों के खिलाफ था। इन सभी पर सुशांत के 17 करोड़ रुपए हड़पने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद रिया ने सुप्रीम कोर्ट से यह केस मुंबई ट्रांसफर करने की गुहार लगाई थी।

बीते साल जून में हुआ सुशांत का निधन
गौरतलब है कि बीते साल जून में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत, मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाये गये थे. शुरुआत में इस मामले को सिर्फ आत्महत्या ही माना गया. हालांकि सुशांत के परिजनों की शिकायत के बाद इस मामले में सीबीआई भी शामिल हुई. इतना ही नहीं बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने खासतौर से जांच के लिए बिहार पुलिस की टीम मुंबई भेजी थी.

इस मामले में ड्रग्स का एंगल आने के बाद कई अभिनेता और अभिनेत्रियों तक एनसीबी का शिकंजा पहुंचा. रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक चक्रवर्ती समेत कई लोगों को जेल हुई. इस मामले में जिन ड्रग पैडलर्स का नाम आया था, उनमें से कई अभी भी सलाखों के पीछे हैं.

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button