UP में कांग्रेस की 125 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी,इनमें 50 महिला प्रत्याशियों को दिया टिकट
लखनऊ: यूपी विधान सभा (UP Election 2022) चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी की महासचिव और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने प्रमुख कैंडिडेट्स की जानकारी साझा की है.
उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां को टिकट
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हमारी सूची में जो महिलाएं हैं उनमें से कुछ पत्रकार हैं, कुछ संघर्षशील महिलाएं हैं, सामाजिक कार्यकर्ता हैं, ऐसी भी महिलाएं हैं जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है. इसलिए हमने अपने वायदे के अनुसार महिलाओं को टिकट दिया है. हमारी पार्टी से उन्नाव की प्रत्याशी, उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं. हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें. जिस सत्ता के जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता अब वो हासिल करें.’
महिला उम्मीदवारों को हर तरह की मदद देगी पार्टी: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है. इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया. उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है. वहीं सदफ जाफर ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था. सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया. मेरा संदेश है कि अगर अत्याचार हुआ तो आप अपने हक के लिए लड़ें. कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है. जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं. कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी.’
प्रियंका बोलीं- हम नई तरह की राजनीति करेंगे
प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे उम्मीदवारों की सूची नया संदेश है। 40% महिलाओं के साथ 40% युवाओं को भी रखा गया। हमें आशा है कि इनके जरिए हम एक नई तरीके की राजनीति करेंगे। महिलाओं में जो टिकट दिए थे, उनमें कुछ पत्रकार हैं और कुछ अभिनेत्री हैं। समाजसेवी महिलाओं की सूची में वह महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्होंने संघर्ष किया है और उन पर अत्याचार भी हुआ है। लिस्ट में नोएडा से पंखुड़ी पाठक को भी प्रत्याशी बनाया है।
राहुल का ट्वीट- मां न्याय का चेहरा बनेगी
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की लिस्ट जारी होने के तुरंत बाद राहुल गांधी ने ट्वीट किया। इसमें उन्होंने उन्नाव रेप पीड़ित की मां को टिकट मिलने का जिक्र किया। उन्होंने लिखा- उन्नाव में जिनकी बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, वे अब न्याय का चेहरा बनेंगी।




