*✍️अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हुई मुलाकात…..जाने PM मोदी ने बाइडन से क्या कहा और बाइडन ने भी ट्वीट कर कही ये बात…..*

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अमेरिका यात्रा पर हैं. आज (शुक्रवार) को व्हाइट हाउस में पहली बार आयोजित होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन (QUAD Summit 2021) से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात हुई. इस दौरान दोनों नेताओं ने संबंधों को और मजबूत करने व एक-दूसरे की मदद करने पर जोर दिया.
बाइडन ने किया ट्वीट
बैठक से ठीक पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ट्वीट किया, ‘मैं एक द्विपक्षीय बैठक के लिए व्हाइट हाउस में भारतीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की मेजबानी कर रहा हूं. मैं दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों को मजबूत करने, एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक को बनाए रखने और COVID-19 से लेकर जलवायु परिवर्तन तक हर चीज से निपटने के लिए तत्पर हूं.’
पीएम मोदी ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस में बैठक के दौरान पीएम मोदी ने बाइडन से कहा, ‘2016 में मुझे आपसे विस्तार से बात करने का मौका मिला था और उस समय आपने भारत अमेरिका के संबंधों को लेकर अपना विजन बताया, वो वाकई प्रेरक था और आज आप राष्ट्रपति के तौर पर उस विजन को आगे बढ़ाने के लिए जो पुरुषार्थ कर रहे हैं, प्रयास कर रहे हैं उसका मैं स्वागत करता हूं. पीएम मोदी ने कहा, भारत और अमेरिका टेक्नोलॉजी के माध्यम से मानवता की काफी सेवा कर सकते हैं. भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड का काफी महत्व है.
यह दशक भारत और अमेरिका के लिए बेहद अहम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज का द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन बहुत महत्वपूर्ण है. हम इस सदी के तीसरे दशक की शुरुआत में मिल रहे हैं. आपका नेतृत्व निश्चित रूप से इस दशक को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. यह दशक भारत और अमेरिका के लिए बेहद अहम होने वाला है. भारत और अमेरिका के बीच और भी मजबूत दोस्ती के बीज बोए गए हैं.
एक नए अध्याय की शुरुआत’
बाइडन ने पीएम मोदी का व्हाइट हाउस में स्वागत करते हुए कहा, अमेरिका में भारतीय मूल के 40 लाख लोग रहते हैं. दोनों देशों के बीच एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है. भारत और अमेरिका दुनिया की समस्याओं का हल निकाल सकते हैं. इसके साथ ही बाइडन ने कोविड महामारी के खिलाफ काम करने का वादा किया. जलवायु परिवर्तन और इंडो पैसिफिक को लेकर भी चर्चा हुई.
कमला हैरिस की मां का जिक्र
पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान जो बाइडन ने उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस की मां का जिक्र किया. बाइडन ने कहा, कमला हैरिस की मां भारत से थीं. उप-राष्ट्रपति की मां जानी-मानी वैज्ञानिक भी थीं. बाइडन ने कहा कि आज के समय में शांति, शहनशीलता के मूल्यों की जरूरत है. हमारी साझेदारी पहले से और ज्यादा बढ़ रही है. पीएम मोदी के व्हाइट हाउस आने से खुश हूं.
सबसे बड़ी मुलाकात का एजेंडा?
यह बैठक ऐसे समय पर हुई है, जब पोस्ट-कोविड युग में एक नई विश्व व्यवस्था जन्म लेने की कगार पर है. यह स्पष्ट है कि दोनों नेताओं के सहयोगियों ने चर्चा के लिए एक बहुत ही कड़ा एजेंडा तैयार किया है. इसमें कुछ मुद्दों पर चीजों का आदान-प्रदान, द्विपक्षीय अमेरिका-भारत संबंधों में अड़चनों, विवादास्पद मुद्दों को हल करना, आपसी जीत के लिए क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों के लिए सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करना जैसे महत्वपूर्ण पॉइंट शामिल होंगे.



