भारत में पिछले साल बढ़े 40 अरबपति, गरीब हुए दोगुने
नयी दिल्ली: दुनिया भर में गरीबी उन्मूलन का प्रयास करने वाली संस्था Oxfam ने अपनी ताजा रिपोर्ट पब्लिश की है, जिसमें बताया गया है कि कैसे महामारी के दो सालों में दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगो की संपत्ति जबरदस्त तेजी से दोगुनी हुई है. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति 700 बिलियन डॉलर से बढ़कर 1.5 ट्रिलियन डॉलर हो गई. यानि कि इनकी संपत्ति हर दिन औसतन 1.3 बिलियन डॉलर की रफ्तार से बढ़ी.
दावोस में हो रहे वर्ल्ड इकॉनमिक फोरम में ग्लोबल Oxfam Davos report of 2022 में ये सारे अध्ययन सामने आए हैं. ऑक्सफैम इंडिया की रिपोर्ट में भारत को लेकर बताया गया है कि यहां भी कोविड-19 महामारी के दौरान अमीरों की संपत्ति दोगुनी से ज्यादा हो गई, वहीं, दूसरी ओर एक बड़ी जनसंख्या महामारी और गरीबी से जूझते रहे. इस रिपोर्ट में सलाह दी गई है कि सरकार को सपंत्ति वितरण की अपनी नीतियों को संशोधित करने पर ध्यान देना चाहिए.
Bloomberg ने ऑक्सफैम की रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि पिछले साल जब देश भयंकर दूसरी लहर से जूझ रहा था, लोग स्वास्थ्य सुविधाएं वक्त न मिल पाने के कारण मर रहे थे और श्मशानों में लाशें पटी हुई थीं, तब देश में 40 नए लोग अरबपति बन गए. इन लोगों के पास कुल मिलाकर 720 बिलियन डॉलर की संपत्ति है. अगर भारत की 40 फीसदी जनसंख्या की कुल संपत्ति मिला दें तो भी ये उससे ज्यादा ही होगा.रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों ने पिछले साल अपनी संपत्ति में 1 ट्रिलियन डॉलर की वृद्धि देखी है. अकेले भारत की बात करें तो देश में अरबपतियों की संख्या इतनी हो चुकी है कि अगर फ्रांस, स्वीडन और स्विट्ज़रलैंड- तीनों देश के अरबपतियों को जोड़ लें तो भी उनकी संख्या भारत से कम होगी.



