नौकरी व मुआवजे के लिए आंदोलन, SECL की खदान बंद….. चार करोड़ के नुकसान का अनुमान

CG NEWS जिले के एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव ओपनकास्ट परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले पात्र भूस्वामियों को नौकरी व मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण दो दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। दो दिनों की हड़़ताल से एसईसीएल को करीब चार करोड़ के नुकसान का अनुमान है। प्रभावितों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान कर एसईसीएल की मुश्किलें बढ़ा दी है।
एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव ओपन कास्ट परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले 464 ग्रामीणों या उनके आश्रितों को नियमानुसार नौकरी दी जानी है। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा अब तक मात्र 37 लोगों को नौकरी दी गई है। प्रभावित ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल प्रबंधन समस्त प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी 427 प्रभावितों को नौकरी नहीं दे रहा है।
भू स्वामियों के मकान एवं परिसंपत्ति की मुआवजा राशि का निर्धारण दो वर्ष पूर्व करते हुए भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। उन्हें दो वर्ष बाद भी मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इससे प्रभावितों का जीविकोपार्जन भी प्रभावित हुआ है।

विधायक ने दिया समर्थन
आमगांव खदान के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। मौके पर पहुंचे प्रेमनगर विधायक खेलसाय सिंह ने भी ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन किया। खेलसाय सिंह ने कहा कि एसईसीएल प्रबंधन की लेटलतीफी की वजह से अधिग्रहित भूमि के भू-स्वामियों को नौकरी एवं मुआवजा देने में विलंब होने के कारण ही ग्रामीणों को आंदोलन करने मजबूर होना पड़ा है। एसईसीएल प्रबंधन मांग पूरी करे।
नियुक्ति पत्र को लेकर अड़े, वार्ता विफल
एसईसीएल के क्षेत्रीय महाप्रबंधक अजय तिवारी एवं अन्य अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता की कोशिश कीl लेकिन ग्रामीणों द्वारा सभी प्रभावितों को तत्काल नियुक्ति पत्र देने की बात पर अड़े रहने के कारण वार्ता विफल रही। ग्रामीणों ने इसके बगैर आंदोलन समाप्त करने से इंकार कर दिया है।
जीएम बोले-सभी पात्रों को दी जाएगी नौकरी
क्षेत्रीय महाप्रबंधक अजय तिवारी का कहना है कि हम पत्र भूस्वामियों को नौकरी व मुआवजा देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। नौकरी के पास 464 लोगों में 151 ने फाइल जमा नहीं की है। 126 प्रकरणों में विसंगति दूर किया जा रहा है। 29 लोगों के नौकरी का प्रोसेस जारी है। ग्रामीणों को इससे अवगत भी कर दिया है।
एसईसीएल को चार करोड़ के नुकसान का अनुमान
आमगांव खदान से प्रतिदिन दो हजार टन कोयले का उत्पादन होता है। दो दिनों के आंदोलन से ही कोयला उत्पादन व परिवहन ठप रहने से एसईसीएल को करीब 4 करोड़ के नुकसान का अनुमान है।
धरना प्रदर्शन में ये रहे शामिल
CG NEWS धरना प्रदर्शन करने वालों में मिथिलेश्वर सिंह मरावी समेत उमाशंकर सिंह मरावी, रामनाथ सिंह, धर्मचंद सिंह, पिंटू मरावी, रामकुमार, परमानंद दास, ललन सिंह, राजू, गणेश्वर दास, जीतू राम, शिव प्रसाद, बनारसी, शंकर, आलम, गोकुल सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण शामिल हैं।



