क्या टल जाएगी शबनम की फांसी? अब जेल अधीक्षक को सौंपा दया याचिका का प्रार्थनापत्र

रामपुर. उत्तर प्रदेश के अमरोहा में अपने ही परिवार के 7 सदस्यों की जघन्य हत्या करने वाली शबनम ने एक बार फिर दया की गुहार लगाई है. शबनम के दो वकील गुरुवार को रामपुर ज़िला कारागार ) पहुंचे. यहां उन्होंने जेल अधीक्षक को दया याचिका के लिए प्रार्थनापत्र सौंपा. जानकारी के अनुसार, जेल अधीक्षक अब प्रदेश की राज्यपाल को दया याचिका का यह प्रार्थनापत्र भेजेंगे. बता दें कि शबनम की पहली दया याचिका राष्ट्रपति खारिज कर चुके हैं. अब राज्यपाल को शबनम के वकील फिर दया याचिका भेज रहे हैं. शबनम की फांसी की सजा को सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था.
दूसरी तरफ, मथुरा जेल में शबनम को फांसी देने की तैयारी चल रही है. पवन जल्लाद भी दो बार मथुरा जेल के महिला फांसी घर का मुआयना कर चुका है. मामले में मथुरा जेल प्रशासन को बस अब शबनम के डेथ वारंट का इंतजार है.
बेटा भी कर चुका है माफी की मांग
इससे पहले शबनम के बेटे मुहम्मद ताज ने भी अपनी मां के लिए माफ़ी की गुहार लगा चुका है. शबनम के 12 साल के बेटे ताज ने कहा है कि राष्ट्रपति अंकल जी, मेरी मां को माफ कर दो. गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2008 की रात जब शबनम ने अपने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर अपने परिवार के 7 लोगों की हत्या की थी, उस वक्त वह दो महीने की गर्भवती थी. शबनम ने जेल में ही ताज को जन्म दिया था.