अगले 5 दिनों तक पड़ेगी भीषण ठंड,मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। Weather News Today: राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में ठंड का सितम कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। जनवरी के तीसरे सप्ताह में भी लोगों को शीत लहर का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली वालों को अभी इस ठंड से राहत मिलने की कोई संभावाना नहीं दिख रही है। दिल्ली में आने वाले दिनों में बारिश होने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का असर भी देखने को मिल रहा है। राजधानी में विजिबिलिटी घटकर 50 से 100 मीटर हो गई है।
मौसम विभाग की माने तो 21 जनवरी की शाम से दिल्ली-एनसीआर में हल्की वर्षा पड़नी शुरू हो जाएगी। बारिश के बाद शनिवार से राजधानी में फिर से दिन के समय ठिठुरन बढ़ जाएगी। 22 को मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है। 23 जनवरी को बौछारें पड़ सकती हैं।
इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा। आसमान में धूप खिलेगी। तब दिन में सर्दी का सितम कुछ कम होगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 23 जनवरी तक बारिश हो सकती है। ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। 5 दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों के लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।



