देश

Corona: देश में 2.08 लाख नए केस मिले, 2.59 लाख हुए ठीक

देश में रविवार को रात 10.15 बजे तक 2.08 लाख नए कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें 50 हजार से ज्यादा केस अकेले केरल राज्य के हैं। हालांकि इस दौरान 2.59 लाख लोग महामारी के असर से उबरकर ठीक हो गए हैं, जो अच्छी खबर कही जा सकती है। खास बात यह है कि दिल्ली, मुंबई समेत देश के सभी प्रमुख शहरों में नए संक्रमितों की संख्या घटती दिखाई दे रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान 905 लोगों की मौत भी दर्ज की गई है।

देश में पिछले 9 दिनों से नए केस में लगातार गिरावट देखी जा रही है। शनिवार को 2.34 लाख और शुक्रवार को 2.35 लाख नए केस मिले थे। तीसरी लहर के दौरान 20 जनवरी को सबसे ज्यादा 3.47 लाख नए केस मिले थे।

फिलहाल देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 18.42 लाख है। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में करीब 4.12 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

दिल्ली में 3674 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि 30 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान नेशनल कैपिटल में 6,954 लोग ठीक भी हो गए हैं। हालांकि पॉजिटिविटी रेट अब भी 6.37% पर टिका हुआ है। फिलहाल राजधानी में कुल एक्टिव केस 21,490 हैं।

महाराष्ट्र में इस दौरान 22,444 नए केस मिले हैं, जबकि 39,015 लोग ठीक हो गए हैं। 50 लोगों की मौत हुई है। अब कुल एक्टिव केस 2,27,711 रह गए हैं। मुंबई में रविवार को 1160 नए कोरोना मरीज मिले हैं, जबकि 2,530 लोग ठीक हो गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 10 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल कुल एक्टिव केस 10,797 हैं।

तमिलनाडु में 22,238 नए केस मिले हैं, जबकि 38 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या वाले चेन्नई जिले में 3,998 नए संक्रमित ही दर्ज किए गए हैं।

केरल में रविवार को 51,570 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसके चलते वहां कुल एक्टिव केस बढ़कर 3,54,595 हो गए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 14 लोगों की मौत हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button