छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Today Cg News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह 10 फरवरी को 251 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह

Today Cg News:   कवर्धा, 6 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल बनकर उभरी है। प्रत्येक माता पिता का सपना होता है कि वे अपनी बेटी का विवाह उचित समय पर सम्मानपूर्वक कर सकें, किंतु सीमित आय और आर्थिक कठिनाइयों के कारण अनेक परिवारों को चिंता और परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने ऐसी ही चिंताओं को दूर करते हुए जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल में योजना की सहायता राशि को बढ़ाकर 25 हजार रुपये से 50 हजार रुपये कर दिया गया है।

बीते दो वर्षों में अब तक जिले में कुल 724 जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। वहीं 10 फरवरी 2026 को कबीरधाम जिले के सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में लगभग 251 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़कर नव विवाहितों को आशीर्वाद देंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सामूहिक विवाह की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके। इस योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह में वैवाहिक संस्कार पूर्ण किए जाते हैं। जिला प्रशासन परिवार की भूमिका निभाते हुए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करता है, जिससे नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना तथा बेटियों के सम्मानपूर्ण भविष्य की राह को आसान बनाना है। यह योजना आर्थिक सहायता के साथ साथ समाज में सम्मान, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button