T20 में छिन गई विराट कोहली की बादशाहत

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। भारत के खिलाफ रांची में दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने विराट कोहली की बादशाहत छीन ली। कोहली टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, लेकिन अब उन्हें मार्टिन गप्टिल ने पीछे छोड़ दिया है और नंबर एक की कुर्सी पर विराजमान हो गए हैं। मार्टिन गप्टिल ने रांची में दूसरे टी20 मुकाबले में भारत के विरुद्ध 15 गेंदों पर 2 छक्के व 3 चौकों की मदद से तेज 31 रन की पारी खेली और इस दौरान ही ये कमाल कर गए। गप्टिल को दीपक चाहर ने रिषभ पंत के हाथों कैच करवा दिया नहीं तो वो काफी खतरनाक साबित हो सकते थे।
विराट कोहली को मार्टिन गप्टिल ने पीछे छोड़ा
मार्टिन गप्टिल अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं और उन्होंने विराट कोहली का रिकार्ड तोड़ दिया है। उन्होंने ये कमाल रांची में खेले अपने 31 रन की पारी के दौरान किया। गप्टिल के नाम पर अब क्रिकेट के सबसे छोटे फार्मेट में 3248 रन हो गए हैं। वहीं विराट कोहली के नाम पर अभी 3227 रन दर्ज हैं। मार्टिन गप्टिल ने अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के 111वें मैच की 107वीं पारी में ये कमाल किया।
एक तरफ जहां विराट कोहली औसत के मामले में गप्टिल से काफी आगे हैं तो वहीं गप्टिल शतक के मामले में विराट से आगे हैं। गप्टिल के नाम पर क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में दो शतक दर्ज हैं तो विराट कोहली एक बार भी ये कमाल नहीं कर पाए हैं। गप्टिल ने अब तक 111 मैचों में 32.48 की औसत और 2 शतक व 19 अर्धशतक की मदद से 3248 रन बनाए हैं तो वहीं कोहली ने 95 मैचों की 87 पारियों में 52.04 की औसत से 3227 रन बनाए हैं। कोहली के नाम पर 29 अर्धशतक दर्ज हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 94 रन है। गप्टिल का बेस्ट स्कोर 105 रन है।
गप्टिल ने दिलाई तूफानी शुरूआत
रांची में खेले जा रहे दूसरे टी20 में गप्टिल ने पहली गेंद से ही भारतीय गेंदबाजों पर धावा बोल दिया. उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए. इस दौरान गप्टिल का स्ट्राइक रेट 206.67 का रहा. गप्टिल जब आउट हुए तो न्यूजीलैंड का स्कोर 4.2 ओवर में 48 रन था.
कीवी टीम ने आज किए तीन बदलाव
पहले टी20 में हार के बाद न्यूजीलैंड को सीरीज में बने रहने के लिए हर हाल में आज जीत दर्ज करनी होगी. ऐसे में कीवी कप्तान टिम साउथी ने आज प्लेइंग इलेवन में तीन बड़े बदलाव किए. ऑलराउंडर जेम्स नीशम, लेग स्पिनर ईश सोढ़ी और तेज़ गेंदबाज़ एडम मिल्ने की टीम में वापसी हुई है.
भारत की प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अक्षर पटेल, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर और हर्षल पटेल.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन- मार्टिन गप्टिल, डेरिल मिशेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउथी (कप्तान), एडम मिल्ने और ट्रेंट बोल्ट.

