Raigarh News : “कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक भारत, श्रेष्ठ भारत” – राष्ट्रीय एकता के संदेश से गूंजा रायगढ़
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रायगढ़ पुलिस ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, पुलिस लाइन में आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’, जिले के 22 स्थानों पर हुआ एकता परेड का लाइव प्रसारण

Raigarh News : *रायगढ़, 31 अक्टूबर।* लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज 31 अक्टूबर को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात के एकतानगर में आयोजित विशेष ‘एकता परेड’ का सीधा प्रसारण किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

🔸 *पुलिस लाइन उर्दना में गूंजा ‘रन फॉर यूनिटी’ का संदेश*
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सुबह उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रक्षित केंद्र एवं छठवीं वाहिनी के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। इसमें जिला पुलिस एवं सशस्त्र वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
🔸 *जिले के 22 स्थानों पर हुआ एकता परेड का सीधा प्रसारण*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 22 स्थानों पर गुजरात के एकतानगर से आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई। मुख्य चौक-चौराहों, सामुदायिक भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकता परेड का सीधा प्रसारण देखा। इस पहल के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया गया।
🔸 *पुलिस कार्यालय में एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थियों ने देखा एकता परेड का प्रसारण*
पुलिस कार्यालय रायगढ़ में विशेष रूप से आम नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह, निरीक्षक श्री सुखनंदन पटेल सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ एकता परेड का सीधा प्रसारण देखा और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
🔸 *एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश – कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक है भारत, एक है हमारी पहचान*
मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हम सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। गुजरात के एकतानगर से प्रसारित हो रही एकता परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम देश की विविधता में एकता की अद्भुत तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता से यह आयोजन और भी विशेष बन गया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत नक्सलवाद से मुक्त होकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुका है और छत्तीसगढ़ प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने में छत्तीसगढ़ पुलिस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। देश की आंतरिक सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।
एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि *“यह एकता परेड पूरे देश को संदेश देती है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है। हमारी भाषाएं अलग हो सकती हैं, हमारी वेशभूषा और संस्कृतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। ऐसे आयोजन पुलिस जवानों का उत्साह और मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करते हैं।”*
🔸 *रायगढ़ पुलिस का संकल्प – एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा सर्वोपरि*
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से रायगढ़ पुलिस ने समाज के प्रत्येक वर्ग को एकता, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। यह आयोजन इस संकल्प का प्रतीक बना कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

Read More : Honor: 8560mAh बैटरी के साथ Honor ने लॉन्च किया तगड़ा फोन, जानें कीमत और फीचर्स
🔸 *तहसीलों में भी थाना प्रभारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर विविध कार्यक्रमों का किया गया सफल आयोजन*
इसी क्रम में जिले के तहसील के सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों, सामुदायिक भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर एकता परेड का लाइव प्रसारण आम नागरिकों को दिखाया गया। रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्र की अखंडता के प्रति जागरूक करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।