Raigarh News : सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता का संकल्प, 1 अक्टूबर को जिलेभर में होगा सामूहिक श्रमदान
2 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, स्वच्छता शपथ के साथ होगा पौधारोपण

Raigarh News : रायगढ़, 29 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। शासन के दिशा-निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं अमृत सरोवर स्थलों में स्वच्छता, जन-जागरूकता और श्रमदान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभागी, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है।

Read More : New Rules: 1 अक्टूबर से होंगे कई बड़े बदलाव, लागू होंगे 10 नए नियम, जानिए आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर
अभियान के तहत गांवों में लंबे समय से चिन्हित कचरा स्थलों (ब्लैक स्पॉट) एवं स्वच्छता लक्षित इकाइयों की सफाई और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही हाट-बाजार, स्कूल, आंगनबाड़ी, सामुदायिक शौचालय, स्वास्थ्य केंद्र तथा अमृत सरोवर परिसरों में भी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ग्रामीणों को आगामी त्योहारों एवं सामुदायिक आयोजनों में सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
*1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ सामूहिक श्रमदान*
अभियान के तहत 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे जिलेभर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, स्वच्छाग्रही, युवा एवं आम नागरिक मिलकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई में सहभागिता करेंगे। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नियमित जनभागीदारी और सामुदायिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
*2 अक्टूबर को होगी विशेष ग्राम सभा*
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गांव की स्वच्छता व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया जाएगा।

Read More : Oppo: 8000mAh बैटरी के साथ Oppo ने भारत में लॉन्च किया दमदार फोन, जानें कीमत और फीचर्स
जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे सेवा संकल्प अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और श्रमदान के माध्यम से अपने गांव, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दें।
One Comment