Raigarh News : महेंद्र चौधरी को लेकर ट्रेलर चालकों में नाराजगी, संघ बोला—धमकी और दबाव से बिगड़ रहा माहौल
ट्रेलर मालिक संघ ने SSP को सौंपा शिकायत पत्र; 18 अगस्त की घटना के वीडियो फुटेज की जांच की मांग

Raigarh News : RGH NEWS @PRASHANT TIWARI रायगढ़। बड़ोद बिजारी एवं जामपाली खदान क्षेत्र में ट्रेलर वाहनों की लाइन व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। रायगढ़ जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ ने घरघोड़ा निवासी महेंद्र चौधरी एवं उनके सहयोगियों पर वाहन चालकों को धमकाने, विवाद उत्पन्न करने और निर्धारित लाइन व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

संघ के अनुसार खदान में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए यूनियन द्वारा निर्धारित लाइन व्यवस्था बनाई गई है। आरोप है कि महेंद्र चौधरी अपनी करीब 15 गाड़ियों के साथ 18 अगस्त को करीब 200 वाहनों की लाइन के बीच पहुंच गए और लोडर की मदद से नया रास्ता बनाकर सीधे खदान गेट तक जाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर सोनू गुप्ता, इमरान खान सहित अन्य लोग भी मौजूद बताए गए हैं।
*लाइन में खड़े चालकों से विवाद का आरोप*
शिकायत में कहा गया है कि लाइन में खड़े वाहनों के चालकों को कथित तौर पर धमकाया गया और अपनी गाड़ियों को आगे ले जाने का प्रयास किया गया। यूनियन की व्यवस्था का विरोध करने पर अभद्र व्यवहार और विवाद की स्थिति बनने का भी आरोप लगाया गया है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि महेंद्र चौधरी के संबंध में पूर्व में भी अधिकारियों के समक्ष शिकायतें की जा चुकी हैं। शिकायत में कहा गया है कि यूनियन की लाइन व्यवस्था के लिए नियुक्त व्यक्ति द्वारा वाहन को निर्धारित स्थान पर लगाने के लिए कहे जाने के बाद उसके खिलाफ घरघोड़ा थाने में कथित रूप से झूठा एवं मनगढ़ंत आवेदन दिया गया।
*वीडियो फुटेज से सामने आ सकती है पूरी सच्चाई*
ट्रेलर मालिक संघ का कहना है कि 18 अगस्त की घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जिससे मौके पर हुई पूरी घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। संघ ने पुलिस से वीडियो फुटेज सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
*SSP से कड़ी कार्रवाई की मांग*
संघ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ वैधानिक एवं कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही खदान क्षेत्र में वाहन चालकों को धमकी देने, जबरन लाइन व्यवस्था बिगाड़ने और विवाद उत्पन्न करने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए।

संघ का कहना है कि खदान क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रेलर चालक रोजाना काम करते हैं। ऐसे में लगातार विवाद और दबाव की स्थिति से वाहन मालिकों व चालकों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। समय रहते कार्रवाई होने से क्षेत्र में शांति बनी रहेगी और वाहन चालक बिना भय के अपना काम कर सकेंगे।



