Raigarh News : ऑपरेशन ‘क्लीन हंट’ : CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा को तमनार पुलिस ने गांव से घेराबंदी कर पकड़ा

Raigarh News : *रायगढ़, 10 अगस्त*। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे *“ऑपरेशन क्लीन हंट”* के तहत तमनार पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी *अनिल बेहरा निवासी ग्राम लिबरा* को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी पुलिस बल पर प्राणघातक हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा एवं शासकीय कार्य में बाधा सहित गंभीर अपराधों में नामजद था।

Read More : Chhattisgarh news raipur: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 साल से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार आंदोलनकारियों को शांति बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था का पालन करने की समझाइश दी जा रही थी।
दिनांक 27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि *राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान* सहित अन्य लोगों द्वारा आंदोलनकारियों को उकसाकर पुलिस बल पर लाठी, डंडा, टांगी एवं पत्थरों से हमला किया गया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इस दौरान पुलिस से शासकीय वॉकी-टॉकी एवं शासकीय मोबाइल फोन भी लूट लिया गया।
उग्र भीड़ द्वारा पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया गया। सड़क किनारे खड़े पुलिस के शासकीय वाहनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। इसके साथ ही प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई।
घटना के संबंध में अलग-अलग प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना तमनार में कुल *16 अपराध* पंजीबद्ध किए गए हैं। प्रकरण में अब तक *29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है*, जबकि अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी *अनिल बेहरा पिता प्रेमसागर बेहरा, उम्र 37 वर्ष, निवासी लिबरा, थाना तमनार, जिला रायगढ़* थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक *303/2025, 306/2025, 307/2025 एवं 308/2025* में नामजद आरोपी था। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
दिनांक 10 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अनिल बेहरा अपने गांव लिबरा आया हुआ है। सूचना पर तमनार एवं पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा राजेश मरकाम एवं अन्य आरोपियों के साथ मिलकर घटना के दौरान आंदोलनकारियों के साथ हिंसक वारदात में शामिल होना स्वीकार किया गया। विवेचना में आंदोलनकारियों को दुष्प्रेरित करने की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में *धारा 49 बीएनएस एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट* जोड़ी गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं थाना तमनार स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।*
*रायगढ़ पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन क्लीन हंट” लगातार जारी है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले एवं हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

👉🏻 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*
*“कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले एवं गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है।”*