Raigarh News : किरोड़ीमल नगर में अवैध ईंट भट्टों के खिलाफ जनआक्रोश, कलेक्टर से लगाई गुहार, धुआं, धूल और भारी वाहनों से परेशान लोग

Raigarh News : RGHNEWS @प्रशांत तिवारी रायगढ़। नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के खिलाफ अब स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर रायगढ़ को ज्ञापन सौंपकर अवैध ईंट भट्टों पर तत्काल कार्रवाई, प्रदूषण पर रोक और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Read More : Chhattisgarh news raipur: रायपुर ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई कर्मचारी फंसे होने की आशंका
मोहल्लावासियों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा बिना वैध अनुमति के ईंट भट्टों का संचालन किया जा रहा है। इस संबंध में पहले भी प्रशासन और खनिज विभाग को शिकायतें दी गई थीं, जिसके बाद कुछ मामलों में कार्रवाई हुई, लेकिन कुछ समय बीतते ही फिर से भट्टों का संचालन शुरू हो गया। इससे लोगों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ईंट भट्टों से निकलने वाला धुआं पूरे इलाके की हवा को प्रदूषित कर रहा है। सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहा है। सुबह से लेकर देर शाम तक धुएं और उड़ती धूल के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
इसके अलावा भट्टों में मिट्टी और अन्य सामग्री पहुंचाने के लिए ट्रैक्टरों एवं भारी वाहनों का लगातार आवागमन बना रहता है। इससे सड़कों पर धूल उड़ती है, दुर्घटना का खतरा बढ़ता है और आम नागरिकों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के विद्यार्थियों की पढ़ाई भी शोरगुल और प्रदूषण के कारण प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में राजकिशोर प्रजापति, विनोद प्रजापति, बाबूलाल प्रजापति, राहुल प्रजापति एवं चेतन चंद्र सहित अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से ईंट भट्टों का संचालन किए जाने की शिकायत करते हुए प्रशासन से पूरे मामले की संयुक्त जांच कराने की मांग की गई है।
4 प्रमुख मांगें रखीं
क्षेत्र में संचालित सभी ईंट भट्टों की संयुक्त जांच कराई जाए।
बिना अनुमति संचालित भट्टों को तत्काल बंद कराया जाए।
अवैध संचालन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रदूषण और अवैध खनन गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

“जनहित में तत्काल कार्रवाई जरूरी”
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्रदूषण और अवैध गतिविधियों की समस्या और गंभीर हो सकती है। लोगों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के हित में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।


