PNB: PNB ग्राहकों के लिए जरूरी खबर; 10 नवंबर तक कर लें ये काम, वरना बंद हो सकता है आपका बैंक अकाउंट

PNB अगर आपका बैंक अकाउंट पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है, तो यह खबर आपके लिए काफी जरूरी है। बैंक ने कुछ ऐसे खातों को बंद करने का फैसला किया है, जिनमें पिछले तीन साल से ग्राहक की ओर से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और जिनका बैलेंस भी जीरो है। ऐसे खातों को बंद होने से बचाने के लिए ग्राहकों को 10 नवंबर 2026 तक जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बैंक का कहना है कि यह कदम निष्क्रिय खातों के गलत इस्तेमाल को रोकने और उनसे जुड़े खतरे को कम करने के लिए उठाया जा रहा है।
किन PNB खातों को बंद करेगा बैंक?
PNB के 26 अक्टूबर 2026 के नोटिस के मुताबिक, जिन खातों में 30 सितंबर 2026 तक पिछले तीन साल से ग्राहक की ओर से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और खाते में कोई रकम भी जमा नहीं है, उन्हें बंद किया जा सकता है। अगर ग्राहक अपना खाता चालू रखना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी नजदीकी PNB शाखा में जाकर KYC यानी ‘अपने ग्राहक को जानें’ की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और खाते को दोबारा एक्टिव कराना होगा। यह काम 10 नवंबर 2026 से पहले करना जरूरी है। समय सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर खाता बंद होने का जोखिम रहेगा।
KYC अपडेट करना भी जरूरी
PNB ने ग्राहकों को यह भी याद दिलाया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशानिर्देशों के अनुसार KYC अपडेट कराना अनिवार्य है। जिन ग्राहकों की KYC अपडेट करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 तक थी, उन्हें यह काम 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने को कहा गया है। बैंक ने चेतावनी दी है कि तय समय तक KYC अपडेट नहीं कराने पर खाते के संचालन पर रोक या पाबंदियां लगाई जा सकती हैं।
घर बैठे ऐसे अपडेट करें KYC
PNB ग्राहकों के पास KYC अपडेट करने के कई ऑप्शन हैं। अगर आपकी मौजूदा KYC जानकारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है, तो आप SMS के जरिए भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए KYCNC लिखकर 9264092640 या 5607040 पर SMS भेजें। इसके अलावा PNB ONE मोबाइल ऐप में लॉग इन करके My Profile > Check KYC Status > Update KYC विकल्प चुनें। इंटरनेट बैंकिंग के जरिए भी Personal Settings में जाकर KYC स्टेटस चेक किया जा सकता है। ग्राहक अपने रजिस्टर्ड ईमेल से या डाक के जरिए भी KYC अपडेट करने का अनुरोध भेज सकते हैं। इसके लिए जरूरी दस्तावेजों की स्व-सत्यापित कॉपी और अनुरोध अपनी होम ब्रांच को भेजना होगा। चाहें तो किसी भी PNB शाखा में जाकर भी KYC अपडेट करवा सकते हैं।
समय सीमा का रखें ध्यान
PNB आपका PNB खाता लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ है या आपकी KYC अपडेट होनी बाकी है, तो जल्द से जल्द अपना स्टेटस चेक करें। समय रहते जरूरी प्रक्रिया पूरी करने से खाते पर लगने वाली संभावित पाबंदियों या उसे बंद किए जाने से बचने में मदद मिल सकती है।