Pan masala plastic ban: केंद्र सरकार लेने जा रही अहम फैसला, गुटखा-तंबाकू के प्लास्टिक पाउच पर लगेगी रोक

Pan masala plastic ban फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने पान मसाला, गुटखा और तंबाकू की पैकेजिंग को लेकर सख्त नियम लागू करने की तैयारी कर ली है. सरकार के नए ड्राफ्ट नियमों के मुताबिक, अब इन उत्पादों को प्लास्टिक पैकेट या सैशे में बेचना पूरी तरह बंद किया जा सकता है यानी अब पान मसाला जैसे प्रोडक्ट्स की पैकिंग के लिए कागज, पेपर बोर्ड या प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल करना होगा. प्लास्टिक, पॉलीथिन, पीवीसी जैसे किसी भी सिंथेटिक मटेरियल का उपयोग नहीं चलेगा.
साथ ही एल्युमिनियम फॉयल वाली पैकिंग पर भी रोक लगाई जा सकती है. इतना ही नहीं, प्लास्टिक सैशे में इन उत्पादों की बिक्री, स्टोरेज और पैकिंग पर साफ तौर पर बैन लगाने का प्रस्ताव है. नियमों में यह भी कहा गया है कि किसी भी तरह के प्लास्टिक चाहे वह किसी भी रूप में हो का इस्तेमाल इन प्रोडक्ट्स की पैकिंग में नहीं किया जाएगा. सरकार ने इस ड्राफ्ट पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से 30 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं. इसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा.
क्यों लिया जा रहा है ये फैसला?
इस कदम का मकसद प्लास्टिक कचरे को कम करना और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकना है. साथ ही सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना है. अगर ये नियम लागू हो जाते हैं, तो बाजार में पान मसाला और तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग पूरी तरह बदल जाएगी.



