Odisha News: आधी रात ग्रामीण सड़क पर दौड़े भारी ट्रेलर, दो जब्त ग्रामसभा की आड़ में बायपासिंग का आरोप, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Odisha News: झारसुगुड़ा। जिले के लखनपुर ब्लॉक अंतर्गत भीकमपली एनएच-49 बाउसेन पाली से एम कांटापली–बुंदुपली को जोड़ने वाली ग्रामीण सड़क पर आधी रात अवैध रूप से भारी ट्रक-ट्रेलर दौड़ने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने रंगली पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दो ट्रेलर वाहनों को जब्त कर चालान किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि एनएच-49 से बचते हुए कुछ वाहन चालक इस ग्रामीण मार्ग को बायपास की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। मंगलवार देर रात अताबिरा की ओर से छत्तीसगढ़ सीमा पार करने की कोशिश में जा रहे ट्रेलरों को ग्रामीणों ने रोककर पुलिस को सौंपा। मौके पर पहुंचे सरपंच ने दावा किया कि “ग्रामसभा में भारी वाहन चलने का प्रस्ताव पारित है”, लेकिन ग्रामीणों ने इस दावे का विरोध करते हुए कहा कि ऐसी कोई सर्वसम्मत अनुमति नहीं दी गई है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने रंगली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और अवैध आवाजाही पर सख्ती की बात कही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कें टूट रही हैं, धूल और हादसे का खतरा बढ़ रहा है। “यह सड़क ग्रामीण उपयोग के लिए बनी है, ट्रेलरों के लिए नहीं,” एक ग्रामीण ने कहा।
चेतावनी देते हुए ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि आने वाले समय में ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगी, तो वे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर धरने पर बैठेंगे।

Read More : Priyanka Chopra: पीले रंग की इस ड्रेस में प्रियंका चोपड़ा ने ढाया कहर, आग की तरह वायरल हुआ फोटो
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल मची हुई है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है।



