Mahakal Temple; महाकाल मंदिर में कावड़ियों का बबाल, बैरिकेडिंग तोड़कर सुरक्षाबलों से धक्का-मुक्की, 4 गार्ड घायल

Mahakal Temple महाकाल मंदिर में बुधवार को ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों के एक समूह ने नंदी हॉल में प्रवेश को लेकर हंगामा कर दिया। कांवड़ियों ने मंदिर की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। उन्हें रोकने के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प हो गई, जिसमें चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
घायलों में अभिषेक चौधरी के सिर में चोट आई है, जबकि रोहित पाटीदार के पैर में बैरिकेड गिरने से फ्रैक्चर होने की जानकारी है। दो अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया।
करीब 100 कांवड़िए पहुंचे थे महाकाल मंदिर
जानकारी के मुताबिक, ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से करीब 100 श्रद्धालु डाक कांवड़ लेकर महाकाल मंदिर पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन की निर्धारित व्यवस्था के तहत सुरक्षाकर्मियों ने कुछ कांवड़ियों को नंदी हॉल की ओर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ कांवड़ियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो मौके पर धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।
दानपेटियों पर चढ़कर अंदर जाने की कोशिश
हंगामे के दौरान कुछ कांवड़ियों के मंदिर परिसर में लगी दानपेटियों पर चढ़ने की भी बात सामने आई है। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारने और आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और कुछ लोगों को पकड़कर महाकाल थाने ले जाया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
महाकाल पुलिस ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर कंपनी के सुपरवाइजर प्रदीप पुत्र राजेश बाथम, निवासी रूई भैरवगढ़ की शिकायत पर इंदौर निवासी सचिन मराठा समेत 30 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 191(2), 115(2), 296(B), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, कांवड़ियों के समूह में कुछ लोग बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नाम वाली टी-शर्ट पहने नजर आए। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Auto fare hike: ऑटो और टैक्सी से सफर करने वाले को बड़ा झटका, 1 सितंबर से महंगा होगा किराया
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
Mahakal Templeसावन-भादौ के दौरान महाकाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की कोशिश और सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और मंदिर प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और CCTV फुटेज के जरिए घटना की पूरी कड़ी समझने की कोशिश की जा रही है
One Comment